अजीत सिंह हत्याकांड: धनंजय सिंह पर हत्या और साजिश के आरोप में केस चलाने की अर्जी, एक दिसंबर को सुनवाई
पूर्व सांसद धनंजय सिंह के खिलाफ अजीत सिंह हत्याकांड में हत्या और साजिश के आरोप में मुकदमा चलाने की मांग की गई है। इस संबंध में दाखिल अर्जी पर एडीजे उमाकांत जिंदल ने 1 दिसंबर को सुनवाई की तारीख तय की है।

धनंजय सिंह और अजीत सिंह की फाइल फोटो। स्रोत- इंटरनेट
HighLights
धनंजय सिंह पर अजीत सिंह हत्याकांड में मुकदमा चलाने की मांग।
वादी मोहर सिंह ने हत्या और साजिश का आरोप लगाया।
एडीजे कोर्ट में 1 दिसंबर को अर्जी पर सुनवाई होगी।
विधि संवाददाता, लखनऊ। गोहना के पूर्व ज्येष्ठ उपप्रमुख अजीत सिंह हत्याकांड में पूर्व सांसद धनंजय सिंह के खिलाफ हत्या और साजिश के आरोप में मुकदमा चलाने की मांग की गई है। इस संबंध में दाखिल अर्जी पर एडीजे उमाकांत जिंदल ने सुनवाई के लिए एक दिसंबर की तारीख तय की है। वादी मोहर सिंह की ओर से दाखिल अर्जी में कहा गया है कि अजीत सिंह उनके मित्र थे। सीपू हत्याकांड के गवाह भी थे।
आरोप है कि धनंजय सिंह ने साजिश रचकर अपने साथियों के जरिए अजीत सिंह की हत्या कराई थी। हमले में मोहर सिंह भी घायल हुए थे। अर्जी में दावा किया गया है कि मामले में कई गवाहों के बयान से हत्या की साजिश रचने, उसे अंजाम देने में सहयोग करने और इसके लिए धन व संसाधन उपलब्ध कराने की बात सामने आई है। वादी ने इन्हीं तथ्यों के आधार पर धनंजय सिंह के खिलाफ हत्या और आपराधिक साजिश के आरोप में मुकदमा चलाने की मांग की है।
अभियोजन के मुताबिक, सात जनवरी 2021 को मोहर सिंह ने विभूतिखंड थाने में हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि वह अजीत सिंह के साथ कठौता चौराहे पर सामान खरीदने के बाद सड़क किनारे खड़ी गाड़ी में रख रहे थे। तभी कन्हैया विश्वकर्मा उर्फ डाक्टर तीन अज्ञात साथियों के साथ पहुंचा और दोनों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। अजीत सिंह को 25 गोलियां लगी थीं, जिससे उनकी मौत हो गई, जबकि मोहर सिंह के पैर में गोली लगी थी।
मामले में हमला शातिर अपराधी ध्रुव सिंह उर्फ कुंटू और अखंड प्रताप सिंह के कहने पर सुनियोजित तरीके से कराने का आरोप है। कोर्ट ने अर्जी की प्रति पूर्व सांसद की ओर से प्राप्त करा दी है। अब एक दिसंबर को आपत्ति दाखिल करने और अर्जी के निस्तारण पर सुनवाई होगी।