लक्ष्मी जी साइकिल पर नहीं कमल पर बैठकर आती हैं : उपचुनाव को लेकर बोले केशव प्रसाद Ambedkar Nagar
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य जलालपुर विधानसभा उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशी डॉ. राजेश सिंह के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित करने पहुंचे।
अंबेडकरनगर, जेएनएन। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को कहा कि लक्ष्मी जी साइकिल पर बैठकर नहीं कमल पर बैठकर आती हैं। इसलिए कमल पर ही वोट देना है। यह भी कहा कि मतदाता के पास भी परमाणु बम है। उसे ईवीएम पर कमल वाला बटन दबाइए और मैं विश्वास दिलाता हूं कि यह बम पाकिस्तान में गिर जाएगा। कहा कि विजय दिलाइए जलालपुर में विकास की नई इबारत लिखी जाएगी। दरअसल, जलालपुर विधानसभा उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशी डॉ. राजेश सिंह के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित करने उप मुख्यमंत्री जिले पहुंचे। मोतीलाल विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में उपस्थित भीड़ से मुखातिब हुए। यहां उन्होंने सपा-बसपा व कांग्रेस पर करारा हमला बोला है।
इमरान की भाषा बोलते हैं राहुल गांधी
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जम्मू -कश्मीर में अनुच्छेद 370 व 35 ए हटाने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान की भाषा बोलते हैं। यही कारण है कि जब भी कोई ऐतिहासिक कार्य होता है ऐसे नेताओं की भाषा बदल जाती है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अब दिन बदल गए हैं। यह समझना चाहिए कि 56 इंच के सीना वाले मोदी जी देश के प्रधानमंत्री है। भारत की तरफ आंख दिखाने वाले चीनी हों या पाकिस्तानी उन्हें याद रखना ही होगा।
वहीं, कानून मंत्री ब्रजेश पाठक ने सरकार की नीतियों व जन कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी। इस दौरान सपा नेता व जिला पंचायत अध्यक्ष सुधीर सिंह मिंटू, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य रहे सपा नेता केके मिश्र पप्पू, जिला पंचायत सदस्य व सपा नेता विंध्याचल सिंह ने समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ली। कार्यक्रम के संयोजक त्रयंबक तिवारी समेत प्रत्याशी डॉ. राजेश सिंह समेत अन्य नेता मौजूद रहे।