सीतापुर में बोले केशव, अब 40 साल नहीं आएगी सपा सरकार; भाजपा ने यूपी को कराया गुंडों से मुक्त
सीतापुर में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सपा अब 40 वर्ष तक सरकार में नहीं आने वाली है। उन्होंने कहा कि मैं आज घोषणा करता हूं कि यहां चार विधायकों ने जो अपनी मांगे रखी हैं उनको पूरा किया जाएगा। हमारी सरकार गरीबों मजदूरों की सरकार है।
सीतापुर, संवादसूत्र। सीतापुर में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सपा अब 40 वर्ष तक सरकार में नहीं आने वाली है। वह महमूदाबाद के पालीटेक्निक इंस्टीट्यूट में सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मैं आज यहां घोषणा करता हूं कि यहां चार विधायकों ने जो अपनी मांगे रखी हैं उनको पूरा किया जाएगा। हमारी सरकार गरीबों, मजदूरों की सरकार है। सबका साथ, सबका विकास करने वाली सरकार है। भाजपा ने प्रदेश को गुंडा मुक्त कराया है।
उन्होंने कहा हमारे यहां चाहे सत्ता का विधायक हो या विपक्ष का सभी की बातें सुनी जाती हैं। आपने विपक्षी विधायक चुनकर भेजा उनकी भी बातों को मैं सुनता हूं। महमूदाबाद विधानसभा क्षेत्र पर कमल का फूल चाहता हूं। उन्होंने लोगों से हामी भराई। उन्होंने कहा आप हनुमान जी की तरह अपनी शक्ति भूल जाते हैं, मैं आपको वह शक्ति याद दिलाने आया हूं। 2022 का विधानसभा चुनाव है। माताएं-बहनें सुरक्षित रहें, लोगों की जमीनें सुरक्षित रहें इसके लिए कमल के फूल को जिताएं। यह वह कमल का फूल है, जिसने गुंडों से प्रदेश को मुक्त कराया है, यह वह कमल का फूल है जिसने गरीबाें को अन्न पहुंचाया है।
कमल के फूल में है अद्भुद ताकतः उन्होंने कहा कि यह वह कमल का फूल है जो 24 घंटे बिजली देने जा रहा है, साल में छह हजार रुपये किसान को देने वाला कमल का फूल ही है। यह वह कमल का फूल है जिसने अनुच्छेद 370 को हटाया है। मोदी को हराने के लिए सभी विरोधी पार्टियां एक हो गई हैं। यदि आपने भाजपा को समर्थन नहीं दिया होता तो रामजन्म भूमि पर मंदिर निर्माण आप नहीं देख रहे होते। संयुक्त किसान मोर्चा ने आंदोलन समाप्त कर दिया है। प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी ने एक दिन भी छुट्टी लिया है क्या, इतनी सेवा में समर्पित रहने वाला क्या इससे पहले आपको कोई प्रधानमंत्री मिला है। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के माध्यम से निश्शुल्क राशन बांटा। पहले के प्रधानमंत्री गरीब के लिए दिल्ली से एक रुपये भेजते हैं तो मौके पर 15 पैसा पहुंचता था। एक रुपये भेजेंगे तो एक रुपये, एक लाख भेजेंगे तो एक लाख सीधे पात्रों के खातों में पहुंच रहा है।
भाजपा सत्ता की राजनीति नहीं करती, विकास की राजनीति करती है। हमारे लिए सबसे बड़ा देश फिर पार्टी फिर कार्यकर्ता है। सपा की सरकार 40 साल तक नहीं आने वाली है। सबका साथ सबका विकास किया है। किसी के साथ भेदभाव नहीं किया है। भाजपा ने सभी सीटों पर विकास किया है। लक्ष्मी जी साइकिल, हाथी और पंजे पर आती हैं क्या.. वह कमल के फूल पर विराजमान होकर आती हैं। इसलिए विकास चाहिए तो कमल खिला दो। अपने बूथ के अंदर कमल का फूल खिलाना है। आप लोग अपने कर्तव्य का पालन करते रहिए।