बारिश का कारण निर्माण सामग्री की डिमांड बीस प्रतिशत हुई कम, बालू हुई महंगी तो मौरंग के दाम घटे
Demand Of Construction Materials: सीमेंट की कंपनियों ने दाम जरूर स्थिर रखे हैं। सीमेंट तीन सौ रुपये से लेकर 360 रुपये प्रति बैग के बीच है।

निर्माण सामग्री की डिमांड बीस प्रतिशत हुई कम
HighLights
बालू के दाम 22 रुपये फीट से बढ़कर पहुंचे 28 रुपये प्रति फीट
सरिया के दाम स्थिर, गिट्टी के दाम भी 62 रुपये से घटकर 58 रुपये प्रति फीट
सितंबर निर्माण सामग्री के बाजार में नहीं रहेगी तेजी
जागरण संवाददाता, लखनऊ। बारिश के कारण बंद हो गईं खदानों का प्रभाव अब बालू पर अधिक दिख रहा है। प्रति फीट छह रुपये बालू महंगी हो गई है। मौरंग के दाम पिछले एक माह की तुलना में गिरे हैं। इसके पीछे तर्क दिया जा रहा है कि निर्माण सामग्री की डिमांड बरसात में बीस प्रतिशत के आसपास कम हो गई है।
कुछ लोगों ने मौरंग का पहले से ही भंडार कर लिया है। फुटकर दुकानदारों के पास बहुत मांग नहीं आ रही है। व्यापारियों का कहना है कि नवरात्रि से बाजार में चढ़ाव दिखाई देगा। अभी सितंबर भर बाजार में बहुत ज्यादा तेजी नहीं रहने वाली।
नवंबर माह में दीपावली है। ऐसे में मरम्मत से लेकर रंग रोगन का काम लोग दीपावली से पहले कराते हैं। फिलहाल जुलाई माह में जो मौरंग 68 से 70 रुपये प्रति फीट, पूरी ट्रक लेने पर मिल रही थी, वहीं मौरंग 63 से 65 रुपये के बीच आ गई है।
पौना इंची गिट्टी जो स्लैब में काम आती है। उसके दाम भी गिरे हैं। अब यही गिट्टी 62 से गिरकर 58 रुपये प्रति फीट में बिक रही है। हालांकि थोक के दाम यह है। फुटकर में यह गिट्टी 62 रुपये प्रति फीट में बेच रहे हैं।
निर्माण सामग्री विक्रेता आलोक बताते हैं कि बाजार में तेजी नहीं है। बीस से तीस प्रतिशत बाजार गिरा हुआ है। लोग मरम्मत कार्य भी नहीं करवा रहे हैं, इसके पीछे कारण बरसात है। बरसात में लेबर व मिस्त्री कुछ देर काम करते हैं और फिर बरसात में काम बंद कर देते हैं।
इससे भवन स्वामी को मजदूरी पूरे दिन की देनी पड़ती है। इस समय वही प्रोजेक्ट या भवन बन रहे हैं, जिनका काम मार्च या अप्रैल से चल रहा है। नया काम शुरू करने से लोग अभी बच रहे हैं।
उधर बालू के दाम 22 रुपये प्रति फीट से बढ़कर 28 रुपये पहुंच गई है। जीरा गिट्टी के दाम नहीं गिरे। यह 55 रुपये प्रति फीट में फुटकर में बेची जा रही है। सरिया आठ एमएम की 58 रुपये प्रति किलो और 10, 12 एमएम की सरिया 56 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बिक रही है। जबकि कुछ कंपनियां लेंथ के हिसाब से बेचती हैं, उनके रेट अलग हैं।
उत्तर प्रदेश सीमेंट व्यापार संघ के प्रदेश अध्यक्ष श्याममूर्ति गुप्ता कहते हैं कि सीमेंट की कंपनियों ने दाम जरूर स्थिर रखे हैं। सीमेंट तीन सौ रुपये से लेकर 360 रुपये प्रति बैग के बीच है। जबकि ईंट 24 से 26 हजार रुपये में तीन हजार में मिल रहा है। इसमें सुपर अव्वल, अव्वल, टेढ़ा ईंट के दाम अलग-अलग हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।