प्रियंका गांधी की गांधी संदेश यात्रा के जवाब में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह लखनऊ में गांधी संकल्प यात्रा
देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बुधवार को गांधी जयंती पर अपने लोगों के बीच में रहेंगे। भाजपा महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा ने बताया कि रक्षामंत्री दोपहर 250 बजे लखनऊ पहुंचेंगे।
लखनऊ, जेएनएन। देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह गांधी जयंती पर बुधवार को लखनऊ में रहेंगे। रक्षा मंत्री इस अवसर पर अपने संसदीय क्षेत्र लखनऊ में गांधी संकल्प यात्रा का आगाज करेंगे। रक्षा मंत्री का लखनऊ प्रवास कुल पांच घंटा का होगा।
लखनऊ के सांसद तथा देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बुधवार को गांधी जयंती पर अपने लोगों के बीच में रहेंगे। भाजपा महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा ने बताया कि रक्षामंत्री दोपहर 2:50 बजे लखनऊ पहुंचेंगे। इसके बाद शाम 4 बजे गांधी प्रतिमा, हजरतगंज में पुष्पांजलि करेंगे। जीपीओ पार्क में गांधी प्रतिमा से राजनाथ सिंह गांधी संकल्प यात्रा की शुरुआत कर पैदल महाराणा प्रताप प्रतिमा हुसैनगंज पहुंचेंगे। इस यात्रा में उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह समेत पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, मंत्री और विधायक मौजूद रहेंगे। राजनाथ सिंह इस यात्रा के बाद वापस भाजपा कार्यालय आएंगे और यहां से रात में करीब 8:30 बजे दिल्ली लौट जाएंगे। राजनाथ सिंह का लखनऊ दौरा करीब पांच घंटा का होगा।
सीएम योगी आदित्यनाथ भी रहेंगे सक्रिय
दो अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या, डॉ. दिनेश शर्मा सहित सभी मंत्री एवं विधायक लखनऊ महानगर क्षेत्र के सभी वार्डों में सुबह सात से आठ बजे स्वच्छता, सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्ति अभियान चलाकर लोगों को जागरूक करेंगे। महात्मा गांधी संकल्प पदयात्रा अभियान के प्रदेश संयोजक एवं प्रदेश महामंत्री पंकज सिंह ने लखनऊ महानगर क्षेत्र के सभी वार्डों में दो अक्टूबर को प्रदेश के तीन-तीन के ग्रुप में विधायकों एवं मंत्रियों के सुबह सात से आठ बजे स्वच्छता अभियान चलाकर सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्ति अभियान पर यहां जनसमुदाय को जागरूक करेंगे।