UP Weather: सर्द हवाओं के साथ होगा दिसंबर का आगाज, पहाड़ों से आने वाली हवाएं गिराएंगी तापमान Lucknow News
खुली धूप के बावजूद सर्द हवा कराएगी ठंड का अहसास। राजधानी लखनऊ में एक दिन में आठ डिग्री तापमान लुढ़का।
लखनऊ, जेएनएन। नवंबर के साथ गुलाबी ठंड भी विदा हो जाएगी। सर्द हवाओं के साथ दिसंबर की शुरुआत होगी। पहाड़ी इलाकों से आने वाली सर्द उत्तर पश्चिमी हवाओं से ठिठुरन बढ़ेगी। सुबह कोहरे के साथ होगी, लेकिन दिन में धूप खिलेगी।
राजधानी सहित प्रदेश में कई जगह शुक्रवार को भी मौसम खराब रहा। राजधानी में दिनभर धूप के दर्शन नहीं हुए। कई जगह बूंदाबांदी भी हुई। बदली और बूंदाबांदी से अधिकतम तापमान गुरुवार के मुकाबले आठ डिग्री लुढ़क कर 21.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य के मुकाबले पांच डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान सामान्य से सात डिग्री अधिक 17.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान 24 डिग्री व न्यूनतम तापमान 16 डिग्री के आसपास रहने की उम्मीद है। शनिवार को सुबह कोहरा व धुंध रहेगी, लेकिन दिन चढऩे के साथ मौसम साफ हो जाएगा।
उधर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई शहरों में अच्छी बारिश हुई। सीतापुर में बारिश हुई तो लखीमपुरखीरी सहित कुछ जगह ओले भी गिरे। स्काईमेट वेदर एजेंसी के महेश पालावत बताते हैं कि शनिवार को उत्तर पश्चिमी हवाओं का दौर शुरू होगा। यह हवाएं ठंड बढ़ाएंगी। न्यूनतम तापमान में जहां दो से तीन डिग्री की गिरावट होगी। वहीं अधिकतम तापमान भी एक से दो डिग्री गिर सकता है। इससे ठंड बढ़ेगी।
यहां हुई बारिश, आज मौसम शुष्क
मौसम विभाग के अनुसार, सबसे अधिक 24.9 मिमी. बारिश मुजफ्फरनगर में दर्ज की गई। मेरठ, संभल, पीलीभीत, बरेली, मुरादाबाद, फिरोजाबाद, अमरोहा, बरेली, बिजनौर, आगरा, कन्नौज, फर्रुखाबाद में अच्छी बारिश रिकॉर्ड हुई। अलीगढ़, बदायूं, बुलंदशहर, हरदोई, खीरी, में भी हल्की बारिश हुई। प्रदेश में 3.4 मिमी. बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा।
बारिश से गेहूं की बोआई प्रभावित
कृषि विभाग के एडीशनल डायरेक्टर डॉ. बीपी सिंह बताते हैं कि जहां पर गेहूं की बोआई अभी नहीं हुई है, वहां बारिश से चार-छह दिन देरी हो सकती है। जहां बोआई को आठ-दस दिन हो चुके हैं वहां कोई समस्या नहीं। उन्होंने कहा कि जहां ओले पड़े हैं वहां सरसों को मामूली नुकसान हुआ है।