Move to Jagran APP

अटल बिहारी वाजपेयी पर थी गांधी और नेहरू के विचारों की छाप

कांग्रेस ने बताया कि अटलजी पर महात्मा गांधी व जवाहर लाल नेहरू के विचारों की छाप थी। राष्ट्रीय लोकदल ने अटल को सर्व समाज का हितचिंतक करार दिया।

By Nawal MishraEdited By: Published: Fri, 17 Aug 2018 09:49 PM (IST)Updated: Sat, 18 Aug 2018 04:47 PM (IST)
अटल बिहारी वाजपेयी पर थी गांधी और नेहरू के विचारों की छाप
अटल बिहारी वाजपेयी पर थी गांधी और नेहरू के विचारों की छाप

लखनऊ (जेएनएन)। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धाजंलि देने का सिलसिला दूसरे दिन शुक्रवार को भी जारी रहा। विपक्षी दलों ने भी वाजपेयी के व्यक्तित्व और कृतित्व की सराहना करने में तंगदिली नहीं दिखाई। कांग्रेस ने बताया कि अटलजी पर महात्मा गांधी व जवाहर लाल नेहरू के विचारों की छाप थी, तो राष्ट्रीय लोकदल ने उन्हें सर्व समाज का हितचिंतक करार दिया। वहीं समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया में अटलजी से जुड़ी तस्वीरें भी साझा की।

loksabha election banner

राजधर्मों के मूल्यों को नहीं छोड़ा

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता अशोक सिंह ने अटलजी की सराहना करते हुए उन्हें विश्व पटल पर भारतीय छवि को नए आयाम देने वाला महान व्यक्तित्व बताया। उन्होंने कहा कि गांधीवादी विचारों से प्रभावित होने के कारण अटलजी ने कभी सत्ता की खातिर राजधर्मों के मूल्यों को नहीं छोड़ा। उनका पार्टियां तोड़ कर सरकार बनाने में विश्वास नहीं था। पंडित नेहरू के निधन पर सदन में 55 मिनट का भाषण उनकी असाधारण सोच को दर्शाता है। उन्होंने इस बात को माना कि भारत के विकास में कांग्रेस का भी योगदान रहा। अटलजी सभी धर्मों को साथ लेकर चलने की भावना रखते थे।

रालोद में शोकसभा

राष्ट्रीय लोकदल के मुख्यालय में शुक्रवार को शोकसभा आयोजित की गई। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मसूद अहमद की अध्यक्षता में संपन्न शोकसभा में अटलबिहारी वाजपेयी के निधन पर दुख जताते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। प्रदेश अध्यक्ष डा. मसूद व राष्ट्रीय सचिव शिवकरन सिंह का कहना था कि अटल जैसा व्यक्तित्व पुन: मिलना असंभव है। इस मौके पर अनिल दुबे, वसीम हैदर, सुरेंद्र नाथ त्रिवेदी, युवा रालोद के प्रदेश अध्यक्ष अंबुज पटेल, अभिषेक चौहान, रमावती, प्रीति और रविंद्र पटेल व मनोज चौहान उपस्थित रहे।  

देश ने महान सपूत खोया

अपना दल की राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल ने कहा कि देश ने एक महान सपूत खो दिया। जो पार्टी से उठकर देश और समाज की चिंता करते थे। हिंदू व मुस्लिम दोनों के प्रिय नेता थे। प्रदेश अध्यक्ष पल्लवी पटेल ने कहा कि अटलजी सच्चाई के लिए अपनी सरकार को कठघरे में खड़ा कर देते थे।

जब भी राजनीति भटकी, सही मार्ग दिखाया : अखिलेश

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को ट्विटर के जरिये अटलजी को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि स्व. अटलजी ने राजनीति को दलगत राजनीति से ऊपर उठाया, सदैव अपने दल के सिद्धांतों व अपने दर्शन पर अडिग रहना सिखाया, विदेशों से मित्रता का पाठ पढ़ाया, अटलजी का जाना भारतीय राजनीति एवं साहित्यिक जगत के मुखरित स्वर का मौन हो जाना है, मौन नमन।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.