यूपी की सभी नदियों में विसर्जित होंगी अटल की अस्थियां, सात दिन शोक
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर राजकीय अवकाश रहेगा। सात दिन का शोक है। उनकी स्मृतियों को योगी सरकार खास मुकाम देगी।
लखनऊ (जेएनएन)। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर शुक्रवार को राजकीय अवकाश रहेगा। सात दिन का राजकीय शोक है। उनकी स्मृतियों को योगी सरकार खास मुकाम देगी। अटल से जुड़े कुछ खास क्षेत्रों में उनकी स्मृतियां सहेजी जाएंगी। हर जिले की पवित्र नदियों में अटल की अस्थियां प्रवाहित होंगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घोषणा की कि अटल के पैतृक स्थान आगरा के बटेश्वर, शिक्षा क्षेत्र कानपुर, प्रथम संसदीय क्षेत्र बलरामपुर और कर्मभूमि लखनऊ में उनकी स्मृतियों को सजीव रखने के लिए विशिष्ट कार्य किये जाएंगे।
यूपी को अंतिम यात्रा से जुडऩे का अवसर
योगी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का उत्तर प्रदेश के हर क्षेत्र से लगाव था। प्रदेश की जनता उनके अंतिम दर्शन को लालायित है। भाजपा सरकार और संगठन की ओर से उनकी अस्थियां सभी प्रमुख नदियों में प्रवाहित की जाएगी। इससे आम जनता को भी उनकी अंतिम यात्रा से जुडऩे का अवसर मिलेगा। अटल बिहारी वाजपेयी ने नदियों को जोडऩे की योजना बनाई थी। उनकी अस्थियां सभी नदियों में प्रवाहित कर उन्हें पार्टी श्रद्धांजलि अर्पित करेगी। भाजपा संगठन की ओर से संकेत मिले हैं कि यह आयोजन बहुत ही प्रमुखता से होगा।
बंद रहेंगे सरकारी कार्यालय, स्कूल व कालेज
अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को राजकीय अवकाश घोषित किया है। इस दिन सभी सरकारी कार्यालय और स्कूल व कालेज बंद रहेंगे। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में सात दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। इस अवधि में सभी सरकारी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज झुके (हाफ मास्ट) रहेंगे।