बहराइच में विवाहिता की हत्या कर शव नहर में फेंका, पति समेत पांच पर मुकदमा दर्ज
बहराइच में खैरीघाट के गंगासिंहबेली निवासी विवाहिता छह दिन पूर्व संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हो गई। रविवार को उसका शव नहर में उतराता पाया गया। इससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर विवाहिता के घर वाले भी मौके पर पहुंचे।
बहराइच, संवाद सूत्र: खैरीघाट के गंगासिंहबेली निवासी विवाहिता छह दिन पूर्व संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हो गई। रविवार को उसका शव नहर में उतराता पाया गया। इससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर विवाहिता के घर वाले भी मौके पर पहुंचे। पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। थानाध्यक्ष ने शव को नहर से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। विवाहिता के पिता ने दहेज में एक लाख की नकदी न मिलने पर बेटी की हत्या करने का आरोप लगाते हुए पति समेत पांच लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर पुलिस को दी।
एसओ राजकुमार सिंह ने बताया कि चौकसाहार ग्राम पंचायत के भगतसिंहपुरवा के चेतराम ने अपनी बेटी प्रीती का विवाह दो मई 2021 को गंगा सिंह बेली निवासी राम प्रकाश के साथ की थी। अपने हैसियत से बढ़-चढ़कर उपहार भी दिया गया। आरोप है कि शादी के चंद दिनों बाद से ही बेटी से एक लाख रुपये दहेज में और लाने का दबाव पति व ससुरालीजन ने बनाया। आरोप है कि विरोध करने पर विवाहिता को कई बार मार-पीटकर प्रताड़ित किया गया।
बेटी ने जब इसकी शिकायत घरवालों को दी तो उसे समझाकर वहीं रहने के लिए कहा गया। छह दिन पहले प्रीती अचानक गायब हो गई, लेकिन ससुरालीजनाें ने इसकी सूचना न तो थाने पर दी और न ही मायके पक्ष के लोगों को दी। रविवार को उसका शव खरखट्टनपुरवा पुल के नीचे नहर से बरामद किया गया। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति राम प्रकाश, सास, जेठानी, कमलेश व तीरथ के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है। हालांकि, विवाहिता के ससुराल के लोग घर से गायब हैं। एसओ ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम छापामारी कर रही है। सभी आरोपित बहुत जल्द ही सलाखों के पीछे होंगे। उधर, विवाहिता के परिवारीजन का रो-रोकर बुरा हाल है।