Sultanpur News: दो दिन से लापता युवक का शव तालाब में मिला, हत्या की आशंका
Sultanpur Crime News सुलतानपुर में दो दिन से लापता युवक का शव तालाब में मिला। परिवारीजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस की मौजूदगी में शव बाहर निकाला गया तो मृतक की शिनाख्त सिराज के रूप में हुई।
सुलतानपुर, संवाद सूत्र। निमंत्रण में शामिल होने गया युवक अचानक लापता हो गया। दूसरे दिन उसका शव झील में मिला। परिस्थितियां हत्या की ओर इशारा कर रही हैं। पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। हालांकि, अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका। घटना कूरेभार के भटवारा गांव की है। गांव निवासी स्व. सलामत का 22 वर्षीय पुत्र मो. सिराज सोमवार की दोपहर शुद्ध (दसवां संस्कार) में शामिल होकर शाम को पड़ोस के पटना निमंत्रण में गया था। वह देर रात तक घर वापस नहीं लौटा।
परिवारजन ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन पता नहीं चला। मंगलवार की सुबह खेत की तरफ गए ग्रामीणों को सैदखानपुर-भटवारा गांव के बीच स्थित काशी तारा झील में एक युवक का शव उतराता हुआ दिखा। थोड़ी ही देर में गांववालों की भीड़ जुट गई। सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस की मौजूदगी में शव बाहर निकाला गया तो मृतक की शिनाख्त सिराज के रूप में हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही छानबीन शुरू कर दी है। थाना प्रभारी लक्ष्मीकांत मिश्र ने बताया कि परिवारजन की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
कम पानी में कैसे डूबा सिराजः सिराज का शव घर से 300 मीटर की दूरी पर स्थित झील में मिला। ग्रामीणों के अनुसार झील में पानी कम है, इस कारण वह डूब नहीं सकता। ऐसे में हत्या किए जाने की आशंका है। घटना के पीछे क्या वजह हो सकती है, इस बारे में जानकारी गहन छानबीन के बाद ही मिल सकेगी। पुलिस का कहना है कि युवक के मोबाइल नंबर और अन्य माध्यमों से सच्चाई का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। वह कहां-कहां गया और किन-किन लोगों से मिला। कुछ संदिग्ध लोगों से भी इस बारे में पूछताछ की जा रही है। जल्द ही इस घटना का राजफाश कर लिया जाएगा।