झारखंड में बैठकर लखनऊ के युवक के खाते से ग्रीन गैस के नाम पर उड़ाए थे 32 लाख रुपये, एक गिरफ्तार
Cyber Fraud: Green Gas- अज्ञात साइबर जालसाजों ने ग्रीन गैस का मीटर अपडेट करने के नाम पर उनके वाट्सएप पर एपीके फाइल भेजी थी।

पुलिस ने धनबाद में दबिश दी और विवेक प्रताप सिंह निवासी बालाजी नगर, धनबाद को गिरफ्तार कर लिया
HighLights
नौ सितंबर को साइबर अपराध थाने में दर्ज कराई गई थी शिकायत
पुलिस ने धनबाद में दबिश दी और विवेक प्रताप सिंह को दबोचा
जागरण संवाददाता, लखनऊ। ग्रीन गैस का मीटर अपडेट कराने का झांसा देकर झारखंड में बैठकर लखनऊ के एक युवक के बैंक खाते से 32 लाख रुपये उड़ाने वाला जालसाज गिरफ्तार हुआ है। उसकी पहचान झारखंड के धनबाद निवासी विवेक प्रताप सिंह के रूप में हुई है।
कुमुद चंद्र अग्रवाल ने नौ सितंबर को साइबर अपराध थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि अज्ञात साइबर जालसाजों ने ग्रीन गैस का मीटर अपडेट करने के नाम पर उनके वाट्सएप पर एपीके फाइल भेजी थी। फाइल डाउनलोड करते ही जालसाजों ने उनके का नियंत्रण हासिल कर लिया था। इसके बाद मोबाइल में उपलब्ध बैंकिंग संबंधी जानकारियों से बैंक खाते से करीब 32 लाख रुपये निकाल लिए थे।
ऐसे दिया ठगी को अंजाम
पुलिस के मुताबिक, आरोपितों ने ग्रीन गैस कंपनी के नाम का दुरुपयोग कर ठगी का जाल बुना था। भेजी गई फाइल में हानिकारक साफ्टवेयर था। इसे डाउनलोड करते ही आरोपितों को मोबाइल तक पहुंच मिल गई। इसके बाद बैंकिंग संबंधी जानकारियों का दुरुपयोग कर खाते से रकम निकाल ली गई। मामले के पर्दाफाश के लिए साइबर अपराध थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी।
आरोपित की पहचान कर पुलिस ने धनबाद में दबिश दी और विवेक प्रताप सिंह निवासी बालाजी नगर, धनबाद को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित के कब्जे से करीब 1.23 लाख रुपये, दो मोबाइल फोन, छह एटीएम कार्ड, चार एयरटेल पेमेंट बैंक किट और 11 सिम कार्ड बरामद हुए। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के बारे जानकारी जुटा रही है।