लखनऊ में रुक नहीं रही है ग्रीन गैस के नाम पर साइबर ठगी, ठगों ने लिंक भेज खाते से उड़ाए 3.43 लाख रुपये
Cyber Fraud in Lucknow: आशियाना क्षेत्र में रहने वाले व्यक्ति को साइबर जालसाजों ने ग्रीन गैस का भुगतान करने के नाम पर लिंक भेजकर बैंक खाते से लाखों रुपये पार कर दिए।

ग्रीन गैस (Green Gas) के नाम पर हो रही साइबर ठगी
HighLights
ग्रीन गैस के नाम पर हुई ठगी में डेढ़ माह बाद दर्ज हुआ मुकदमा
आशियाना क्षेत्र के एलडीए कॉलोनी सेक्टर-आई का है पीड़ित
संवाद सूत्र, लखनऊ। राजधानी लखनऊ में ग्रीन गैस के नाम पर साइबर ठगी रुक नहीं पा रही है। यहां आशियाना क्षेत्र के एलडीए कॉलोनी सेक्टर-आई के पीड़ित के खाते से करीब साढ़े तीन लाख रुपये निकल गये। आशियाना पुलिस ने घटना करीब डेढ़ माह बाद केस दर्ज किया है।
आशियाना क्षेत्र में रहने वाले व्यक्ति को साइबर जालसाजों ने ग्रीन गैस का भुगतान करने के नाम पर लिंक भेजकर बैंक खाते से लाखों रुपये पार कर दिए। इस मामले की जानकारी होने पर पीड़ित ने स्थानीय आशियाना थाने में लिखित शिकायत दी।
घटना के लगभग डेढ़ माह बाद शनिवार को मुकदमा दर्ज कर स्थानीय पुलिस अग्रिम कार्रवाई में जुटी है। आशियाना निवासी चेतन सिंह को ग्रीन गैस के नाम पर कॉल आया कि उनका पेमेंट फेल हो गया है। भेजे गए लिंक को इंस्टॉल करते ही आधे घंटे के भीतर उनके खाते से ₹3.43 लाख निकल गये।
आशियाना क्षेत्र के एलडीए कॉलोनी सेक्टर-आई निवासी चेतन प्रकाश सिंह पुत्र मुण्डन लाल के अनुसार इंडसइंड बैंक आशियाना ब्रांच में उनका बचत खाता है। बीती पांच अक्टूबर को उनके पास ग्रीन गैस का भुगतान न होने का फोन आया। कॉलर ने लिंक भेज ऐप इंस्टॉल कर भुगतान करने की बात कही। उसने जैसे ही भेजे गए लिंक से ऐप इंस्टॉल करने किया, उसके आधे घंटे बाद पीड़ित के बैंक खाते से पैसे काटने का संदेश आने लगा और 3.43 लाख रुपये खाते से निकल गए।
रुपये निकाले जाने की जानकारी होने पर पीड़ित ने तत्काल बैंक को जानकारी देते हुए साइबर सेल समेत स्थानीय आशियाना थाने में लिखित शिकायत दी। इस घटना के डेढ़ माह बाद शनिवार को स्थानीय आशियाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू की है। प्रभारी निरीक्षक आशियाना गजेंद्र कुमार राय ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है ।
ग्रीन गैस (Green Gas) के नाम पर हो रही साइबर ठगी में अपराधी बिल अपडेट या कनेक्शन कटने का डर दिखाकर व्हाट्सएप पर मैलवेयर वाली APK फाइल या फर्जी लिंक भेजते हैं। लखनऊ और आगरा समेत उत्तर प्रदेश के कई शहरों में इस तरह के मामलों में तेजी आई है। ठग खुद को ग्रीन गैस का अधिकारी बताकर कॉल या व्हाट्सएप करते हैं और कहते हैं कि आपका पिछला बिल अपडेट नहीं हुआ है या आज ही कनेक्शन कट जाएगा। कई बार उनके पास उपभोक्ता के नाम और पिछले बिल की सही जानकारी भी होती है, जिससे लोग आसानी से झांसे में आ जाते हैं।
ठग व्हाट्सएप पर 'Green Gas Meter Update.apk' या 'Bill Update' नाम से एक फाइल या लिंक भेजते हैं। कुछ मामलों में वे प्रोसेसिंग फीस के नाम पर ₹10 का मामूली ऑनलाइन भुगतान करने को भी कहते हैं। जैसे ही कोई व्यक्ति इस APK फाइल को डाउनलोड और इंस्टॉल करता है, ठगों को उसके मोबाइल का पूरा रिमोट एक्सेस मिल जाता है। इसके बाद वे फोन पर आने वाले बैंक OTP पढ़कर नेट बैंकिंग या UPI के जरिए खाते से लाखों रुपये निकाल लेते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।