Move to Jagran APP

साइबर अपराधियों ने हैक की लखनऊ नगर न‍िगम की आइडी, फर्जी जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र में हो सकता है बड़ा खेल

आइडी हैक करने वाले ने अपना मोबाइल नंबर डाल रखा था जिस कारण नगर निगम के ऑपरेटर को प्रमाण पत्र जारी होने की जानकारी नहीं मिल रही थी। वह कहते हैं कि आइडी हैक होने से कोई भी व्यक्ति किसी भी शहर में फर्जी जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनवा सकता है।

By Anurag GuptaEdited By: Published: Thu, 05 Aug 2021 10:54 PM (IST)Updated: Fri, 06 Aug 2021 08:37 AM (IST)
नगर निगम ने शुरू की प्रमाण पत्रों की जांच। कई वर्ष पहले आजमगढ़ में हो चुकी है ऐसी घटना।

लखनऊ, जागरण संवाददाता। साइबर अपराधियों के निशाने पर अब नगर निगम भी आ गया है। हैकरों ने जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र की आइडी को हैक करके जन्म-मृत्यु के कई प्रमाण पत्र बना लिए। इसकी जानकारी मिलते ही सुरक्षा को लेकर नगर निगम भी सक्रिय हो गया है। आइडी हैक कर फर्जी तरह से जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनने की जानकारी नगर निगम में आई थी। नगर निगम जोन -तीन के जोनल अधिकारी रहे राजेश सिंह कहते हैं कि सीएमओ दफ्तर से ही आइडी दी जाती है। शिकायत के आधार पर जांच की गई तो पता चला कि नगर निगम की तरफ से जिन जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र को जारी ही नहीं किया गया था, वह भी दिख रहे थे।

loksabha election banner

आइडी हैक करने वाले ने अपना मोबाइल नंबर डाल रखा था, जिस कारण नगर निगम के ऑपरेटर को प्रमाण पत्र जारी होने की जानकारी नहीं मिल रही थी। साइबर सेल को भी सूचना दे दी गई है। वह कहते हैं कि आइडी हैक होने से कोई भी व्यक्ति किसी भी शहर में फर्जी जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनवा सकता है। हकीकत में नगर निगम के किसी एक जोन का मामला नहीं है। अगर हैक आइडी का दुरुपयोग होता है तो उन लोगों को परेशानी हो सकती है जिन्हें जीवित रहते हुए मृत घोषित कर दिया जाएगा। इसी तरह का खेल आजमगढ़ में कई साल पहले हुआ था। जीवित होने के बाद भी तमाम लोग सरकारी अभिलेखों में मृत घोषित हो गए थे। लोगों ने खुद को जीवित साबित करने के लिए लंबी लड़ाई लड़ी थी।

'जानकारी में आया है कि जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र की आइडी हैक हो गई है। यह भी पता चला है कि हैक करने के बाद आइडी से कई फर्जी प्रमाण पत्र बनवा लिए गए हैं। सभी बनाए गए जन्म मृत्यु प्रमाण पत्रों की जांच कराई जा रही है।   - डा. एसके रावत, नगर स्वास्थ्य अधिकारी

यह खेल हो सकता है : जानकार बताते हैं कि आइडी हैक होने से अगर बड़े पैमाने पर मृत्यु प्रमाण पत्र बन गए तो बड़ी आफत हो सकती है और किसी को भी मृत दिखाकर उसकी संपत्ति हड़पी जा सकती है या फिर अगर कोई सरकारी कर्जदार है तो वह खुद को मृत दिखाकर कर्ज से मुक्त हो सकता है। अपराधी को भी मृत दिखाकर केस को बंद कराया जा सकता है। इसी तरह फर्जी जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र से उम्र को कम दिखाया जा सकता है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.