हरदोई में दीवार के मलबे में दबकर दंपती की मौत, चार बच्चों समेत पांच घायल
हरदोई शहर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सिकंदरपुर में हुए हादसे। दैवीय आपदा के तहत दिलाई जाएगी आश्रितों को आर्थिक मदद।
हरदोई, जेएनएन। उत्तर प्रदेश के हरदोई में शुक्रवार देर शाम हुई बारिश के चलते अलग-अलग दो दीवार ढह गईं। मलबे में दबने से एक दंपती की मौत हो गई, जबकि उनके चार बच्चे घायल हो गए। वहीं, एक अन्य दीवार ढहने से एक व्यक्ति घायल हो गया। नायब तहसीलदार ने राजस्व टीम के साथ मौका मुआयना किया।
ये है पूरा मामला
मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के सिकंदरपुर का है। यहां के निवासी सत्यपाल पुत्र छोटे लाल मजूदरी करते थे। शुक्रवार की शाम को वह पत्नी सत्यवती, पुत्री अंकिता, अंशिमा, विश्नोई और पुत्र आयुष के साथ पक्की दीवार पर रखे छप्पर के नीचे बैठे थे। बारिश के चलते पक्की दीवार अचानक ढह गई। सभी मलबे में दब गए। घटना से चीख पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने मलबा हटाकर परिवार को बाहर निकाला। सभी को जिला चिकित्सालय लाया गया। जहां पर चिकित्सक ने सत्यपाल और सत्यवती को मृत घोषित कर दिया। जबकि चारों बच्चों को भर्ती कराया गया है। सत्यपाल के भाई बिजराम ने बताया कि बारिश से बचने के लिए सभी लोग छप्पर के नीचे बैठे थे।
एसडीएम सदर राकेश कुमार गुप्ता ने बताया कि वहीं इसी गांव में अरविंद पुत्र जगदीश की भी दीवार ढह गई। छप्पर और दीवार के मलबे में दबकर अरविंद भी घायल हो गए। राजस्व टीम से मौका मुआयना कराया गया है। तहसीलदार रामवीर सिंह ने नायब तहसीलदार सदर विष्णु दत्त मिश्रा एवं क्षेत्रीय लेखपाल गिरजा शंकार मिश्रा के माध्यम से दैवीय आपदा के तहत पीडि़त परिवार की आर्थिक मदद के लिए रिपोर्ट तैयार करानी शुरू की है। रिपोर्ट प्राप्त होते ही मृतक दंपति के आश्रितों को आर्थिक मदद दिलाई जाएगी। वहीं, घायल बच्चों के उपचार के संबंध में भी रिपोर्ट ली गई है। आपदा की घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों एवं प्रशासन को भी दी गई है।