वरुण का राहुल पर तंजः सुलतानपुर के साथ हुआ सौतेला व्यवहार
भारतीय जनता पार्टी के सांसद वरुण गांधी से उत्तर प्रदेश सरकार के साथ ही कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर सुल्तानपुर की उपेक्षा का आरोप लगाया है। सांसद वरुण गांधी एक दिन के अपने संसदीय क्षेत्र सुल्तानपुर के दौरे पर हैं।
लखनऊ। भाजपा सांसद वरुण गांधी ने पड़ोसी जिले अमेठी के सांसद और चचेरे भाई राहुल गांधी पर परोक्ष रूप से हमला बोला। सुलतानपुर के साथ सौतेला व्यवहार का आरोप लगाते हुए कहा कि अमेठी के वीआइपी यहां रुकते थे, पर विकास नहीं किया। वरुण ने भ्रष्टाचार पर प्रदेश सरकार को भी आड़े हाथ लिया और लेखपाल भर्ती में उगाही का आरोप लगाया। करीब एक महीने बाद गुरुवार को अपने संसदीय क्षेत्र आए सांसद ने ताबड़तोड़ 11 सभाएं कीं। इस दौरान गरीब, पिछड़े व युवाओं को सौगात देकर खुश करने की कोशिश भी की। जनसभाओं में उन्होंने कहा कि सुलतानपुर का विकास नहीं हुआ है। सड़कें टूटी-फूटी हैं। सपा विधायक से सवाल किया कि आखिर क्षेत्र में सड़कें क्यों नहीं बनवाई गईं? किसानों का दुखदर्द बांटते हुए बोले, अन्नदाता खून-पसीना एक कर खेती में मेहनत करता है लेकिन राज्य सरकार उसका दर्द नहीं सुन रही। विकास में राजनीति के चलते ही प्रदेश पीछे जा रहा है।
हर ब्लाक में बनवाएंगे बरात घर
वरुण गांधी ने कहा कि जिले के हर ब्लाक में एक-एक बरात घर बनवाएंगे, ताकि वहां से ग्रामीण मांगलिक कार्य संपन्न कर सकें। सांसद ने जयसिंहपुर के युवाओं को तोहफा दिया। कहा कि क्षेत्र में एक मनोरंजन केंद्र बनवाएंगे जहां युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे जाने की प्रेरणा मिलेगी। सेमरी में एक मिनी हास्पिटल खुलवाने का भी वादा किया। जहां किसानों का मुफ्त में इलाज होगा।