Kanika Kapoor: कोरोना वायरस प्रकरण में कनिका ने रिसीव किया नोटिस, 30 को थाना में देंगी जवाब
Kanika Kapoor बॉलीवुड सिंगर कनिका कपूर के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सीआरपीसी 141 और 160 के तहत नोटिस दी गई है अब 30 को कनिका कपूर के बयान दर्ज होंगे।
लखनऊ, जेएनएन। जानलेवा कोरोना वायरस पॉजिटिव होने के बाद भी सूबे की राजधानी लखनऊ में विचरण करने वाली बॉलीवुड सिंगर कनिका कपूर भले ही अब कोरोना वायरस के संक्रमण से मुक्त हैं, लेकिन अब उनके ऊपर कानूनी शिकंजा कस रहा है। उनके खिलाफ लखनऊ में चार केस दर्ज हैं। इसी मामले में लखनऊ पुलिस आज उनके बयान दर्ज करेगी।
कनिका कपूर के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सीआरपीसी 141 और 160 के तहत नोटिस दी गई है अब 30 को कनिका कपूर के बयान दर्ज होंगे। पुलिस की टीम आज कनिका कपूर के आवास, महानगर के शालीमार गैलेंट अपार्टमेंट में पहुंची थी। जहां पर इस मामले के जांच अधिकारी जेपी सिंह ने कनिका कपूर को कनिका कपूर को बयान दर्ज करवाने के लिए उनके फ्लैट पर जाकर नोटिस दिया। कनिका कपूर ने ख़ुद नोटिस रिसीव किया। अब उनको 30 अप्रैल को सरोजिनी नगर कोतवाली में अपना बयान दर्ज करवाना होगा। जांच अधिकारी जग प्रसाद (जेपी) सिंह ने बताया कि कनिका कपूर जांच में सहयोग कर रही हैं। कनिका कपूर के खिलाफ सरोजनी नगर थाने में आईपीसी 188, 269, 270 के तहत एफआईआर दर्ज हैं। इस मामले में पुलिस अब कनिका कपूर के साथ ही उनसे जुड़े अन्य लोगों से भी पूछताछ कर सकती है।
लखनऊ में महानगर निवासी कनिका कपूर इन दिनों अपने माता-पिता के पास हैं। उनके कोरोना पॉजिटिव होने की खबर आने पर उनपर लापरवाही के आरोप लगे। बॉलीवुड सिंगर कनिका कपूर ने कहा है कि वह अपने घर पर हैं और परिवार के सदस्यों के साथ अच्छा वक्त बिता रही हैं। कोरोना वायरस के कहर से छूटने के बाद उनका क्वारंटीन का समय भी 20 अप्रैल को समाप्त हो गया है। संजय गांधी पीजीआइ में भर्ती रहीं कनिका कपूर के खिलाफ चार केस को लेकर अब लखनऊ पुलिस एक्शन में आ गई है। उनके खिलाफ सबसे बड़ा मामला कोरोना संक्रमण को फैलाने का दर्ज है। फिलहाल वह लखनऊ में अपने माता पिता के साथ हैं। उन्होंने कल सोशल मीडिया पर सफाई दी थी।
आइओ आज दर्ज करेंगे बयान
कृष्णानगर के एसीपी दीपक कुमार सिंह ने बताया कि आज इस केस के जांच अधिकारी (आइओ) कनिका कपूर का बयान दर्ज कराएंगे। इस मामले में भले ही उन्होंने अपनी सफाई सोशल मीडिया पर दी है, लेकिन पड़ताल पूरी की जाएगी। हम इस केस में डीजीसीए के गाइडलाइन को भी देखंगे। कनिका कपूर के घर पर इस बारे में पुलिस ने उनके घर पर नोटिस चस्पा किया था। अब कनिका कपूर को अपना लिखित बयान देना होगा। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बेबी डॉल मैं सोनेे दी...फेम सिंगर कनिका कपूर पर आरोप है कि लंदन से आने के बाद उन्होंने खुद को क्वारंटाइन नहीं किया। कोरोना वायरस के लक्षण होने के बाद भी वह लखनऊ तथा मुम्बई में अलग- अलग स्थानों पर पार्टी में शामिल हुईं। कनिका कपूर के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद उनके संपर्क में कई बड़ी हस्तियों ने खुद को क्वारंटाइन कर लिया था। यह मामला सामने आने के बाद पुलिस ने कनिका के खिलाफ सरोजनीनगर थाने में आईपीसी की धारा 188 महामारी अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की थी। इसके साथ उन पर आईपीसी की धारा 269 जानबूझकर लापरवाही बरतते हुए किसी अन्य व्यक्ति के जीवन पर खतरा पहुंचाने और आईपीसी की धारा 270 कोरोना के संदिग्ध व्यक्ति या उसके संपर्क में आए किसी भी व्यक्ति के स्वास्थ्य विभाग के निर्देशानुसार जांच न करवाने के लिए लगाई गई है।
17 मार्च को मिले थे कोरोना के लक्षण
बॉलीवुड सिंगर कनिका कपूर का कहना है 17 मार्च को उनमें कोरोना के लक्षण मिले थे। उन्होंने 17 व 18 मार्च को चिकित्सकों से संपर्क किया था और 19 मार्च को उनका सैंपल जांच के लिए भेजा गया था। 20 मार्च को वह कोरोना संक्रमित पाई गई थीं, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया था। इलाज के दौरान तीन बार लगातार निगेटिव रिपोर्ट आने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें छुट्टी दे दी थी। इसके बाद 21 दिन के लिए उन्होंने खुद को होम क्वारंटाइन किया। कनिका का कहना है कि उनके बारे में फैलाई जा रही झूठी बातें वास्तविकता को नकार नहीं सकती हैं।
कनिका ने दी सफाई
बॉलीवुड गायिका कनिका कपूर फिलहाल इंटरनेट पर सबसे अधिक खोजी जाने वाली भारतीय सेलिब्रिटी में से एक हैं। कोरोना वायरस के संक्रमण के दौरान मनमानी करने वाली कनिका कपूर शायद ही अपनी गायिकी को लेकर इतनी चर्चा में रही हों। कनिका ने पोस्ट में लिखा- मैं यूके से लेकर मुंबई और लखनऊ तक जिन भी लोगों से मिली थी, उन में कोरोना के कोई लक्षण नहीं थे। वह सब कोरोना नेगेटिव भी पाए गए थे। मैं दस मार्च को यूनाइटेड किंगडम (यूके) से मुम्बई आई थी।
इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उनकी स्क्रीनिंग की गई थी। उस समय ऐसी कोई एडवाइजरी नहीं थी कि उन्हें अपने आप को क्वारनटीन करना है। इसके बाद 11 मार्च को मैं अपने माता-पिता से मिलने लखनऊ आई थी। उस समय एयरपोर्ट पर किसी भी तरह की स्क्रीनिंग नहीं की गई थी। मैंने 14 और 15 मार्च को अपने दोस्त के साथ एक लंच भी अटेंड किया था। 17 और 18 मार्च को मुझे कुछ लक्षण महसूस हुए। जिसके बाद 19 मार्च को मैंने टेस्ट करवाया और कोरोना पॉजिटिव होने की बात सामने आई।