COVID-19 in UP: प्रदेश में अब 1697 एक्टिव केस, बीते 24 घंटे में 90 नए संक्रमित मिले
Corona Virus Cases in UP प्रदेश में बीते 24 घंटे में 252568 कोविड सैम्पल की जांच की गई। इस दौरान 90 नए संक्रमित मिले हैं। बीते तीन दिनों में यह संख्या सबसे कम है। प्रदेश में 24 घंटे में पॉजिटिविटी दर 0.04 प्रतिशत से कम है।
लखनऊ, जेएनएन। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सतत निगरानी प्रक्रिया का बड़ा असर कोरोना वायरस संक्रमण की सेकेंड स्ट्रेन पर नियंत्रण लगाने में हुआ है। सरकार की लगातार कोशिशों से उत्तर प्रदेश में कोरोना महामारी की दूसरी लहर की स्थिति काफी हद तक नियंत्रण में है।
प्रदेश में बीते 24 घंटे में 2,52,568 कोविड सैम्पल की जांच की गई। इस दौरान 90 नए संक्रमित मिले हैं। बीते तीन दिनों में यह संख्या सबसे कम है। प्रदेश में 24 घंटे में पॉजिटिविटी दर 0.04 प्रतिशत से कम है। इस दौरान अब 41 जिलों में एक भी नया केस नहीं पाया गया, जबकि 32 जिलों में सिंगल डिजिट में नए संक्रमित पाए गए। इसी अवधि में 90 नए संक्रमित मिले जबकि 162 लोग इसके कहर से उबरे। प्रदेश में 30 अप्रैल के बाद से एक्टिव केस में लगातार गिरावट हो रही है और वर्तमान में 1,697 एक्टिव केस हैं। प्रदेश में अब कोरोना वायरस की रिकवरी दर और बेहतर होकर 98.6 प्रतिशत हो गई है। अब तक प्रदेश के 16 लाख 82 हजार 741 लोग कोरोना वायरस के संक्रमण से मुक्त होकर स्वस्थ हो चुके हैं। 1,334 लोग होम आइसोलेशन में हैं।
टेस्टिंग व टीकाकरण में उत्तर प्रदेश राज्यों में शीर्ष पर
कोरोना वायरस संक्रमण की टेस्टिंग और टीकाकरण में उत्तर प्रदेश, देश में शीर्ष स्थान पर है। यहां पर अब तक छह करोड़ एक लाख 001,58 कोविड सैंपल की जांच की जा चुकी है। यह किसी एक राज्य की सर्वाधिक टेस्टिंग है। इसी प्रकार तीन करोड़ 60 लाख 81 हजार 758 वैक्सीन डोज देकर उत्तर प्रदेश प्रथम स्थान पर है। प्रदेश में तीन करोड़, पांच लाख 47 लाख 365 लोगों ने कोविड की पहली डोज प्राप्त कर ली है। सीएम योगी आदित्यनाथ का निर्देश है कि टीकाकरण और के साथ एग्रेसिव टेस्टिंग का क्रम सतत जारी रखा जाए। इस उपलब्धि में स्वास्थ्यकर्मियों की भूमिका को उन्होंने सराहा है।
जीनोम सिक्वेंसिंग में मिला कप्पा वैरिएंट
किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी में बीते दिनों 109 सैम्पल की जीनोम सिक्वेंसिंग कराई गई। 107 सैंपल में कोविड की दूसरी लहर वाले पुराने डेल्टा वैरिएंट की पुष्टि ही हुई है, जबकि दो सैम्पल में कप्पा वैरिएंट पाए गए। दोनों ही वैरिएंट प्रदेश के लिए नए नहीं हैं। दैनिक पॉजिटिविटी दर 0.04 है। त्वरित और गहन ट्रेसिंग से संक्रमण का प्रसार भी न्यूनतम है। कोरोना के गहन अध्ययन-परीक्षण के लिए प्रदेश में जीनोम सिक्वेंसिंग की सुविधा को लगातार बढ़ाया जाए। प्रदेश में इस सुविधा से लैस केंद्र की स्थापना से लाभ होगा।
24 घंटे में सात लाख से अधिक का टीकाकरण
प्रदेश में बीते 24 घंटे में सात लाख 83 हजार 588 लोगों ने टीका-कवर प्राप्त किया। वर्तमान में टीकाकरण की प्रक्रिया सुचारू रूप से चल रही है। टीकाकरण की कार्यवाही और तेज की जाए। टीकाकरण की सुगमता के लिए ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग को प्रोत्साहित किया जा रहा है। प्रदेश के गांवों में कॉमन सॢवस सेंटरों के माध्यम से लोग टीकाकरण के लिए पंजीयन करा रहे हैं।