विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 31, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

गर्भवती और प्रसूता को वैक्सीन लगाने से बच्चा भी होगा सुरक्षित, जानें बाल रोग विशेषज्ञ की सलाह

By Anurag GuptaEdited By:
Published: Fri, 31 Dec 2021 11:03 AM (GMT+05:30)Updated: Fri, 31 Dec 2021 02:09 PM (GMT+05:30)

नवजात बच्‍चे को जन्म के समय से वायरल समेत कुछ संक्रमण और परेशानियां होने लगती हैं। इनके लिए लोग घरेलू नुस्खे और दवाएं उपयोग करने लगते हैं। नवजात के लिए मां के दूध से बेहतर और कोई दवा नहीं होती।

वीरांगना अवंतीबाई चिकित्सालय के बाल रोग विशेषज्ञ डा. सलमान खान ने लोगों के सवालों के दिए जवाब।
वीरांगना अवंतीबाई चिकित्सालय के बाल रोग विशेषज्ञ डा. सलमान खान ने लोगों के सवालों के दिए जवाब।

लखनऊ, जागरण संवाददाता। वीरांगना अवंतीबाई चिकित्सालय के बाल रोग विशेषज्ञ डा. सलमान खान ने कहा कि नवजात बच्‍चे को जन्म के समय से वायरल समेत कुछ संक्रमण और परेशानियां होने लगती हैं। इनके लिए लोग घरेलू नुस्खे और दवाएं उपयोग करने लगते हैं। नवजात के लिए मां के दूध से बेहतर और कोई दवा नहीं होती। बच्चों को दवा देने से पहले एक बार बाल रोग विशेषज्ञ से परामर्श जरूर लेना चाहिए। बड़े होते बच्चों में डिहाइड्रेशन यानी पानी की कमी भी होने लगती है। ऐसे में उन्हें लगातार तरल पदार्थ देते रहना चाहिए। प्रस्तुत हैं डा. सलमान खान से कुछ प्रमुख सवाल और उनके जवाब-

-मेरा साढ़े पांच वर्ष का बच्चा है। 15-20 दिनों से वायरल के बाद खांसी आ रही है। क्या करें?-अशोक कुमार, सीतापुर

वायरल के बाद बच्चों में खांसी जाने में अक्सर वक्त लगता है। इसके लिए बच्चे को गुनगुना पानी पिलाएं। अदरक, तुलसी और शहद का मिश्रण बनाकर थोड़े-थोड़े समय पर बच्चे को चटाएं। कफ सिरप न दें।

-चार महीने का बच्चा है। दूध पी रहा है। क्या पत्नी को वैक्सीन लगवा सकते हैं?-आशुतोष कुमार, बिजनौर, लखनऊ

बिल्कुल लगा सकते हैं। गर्भवती या प्रसूता दोनों को ही वैक्सीन लगनी चाहिए क्योंकि इससे मां के साथ बच्चा भी सुरक्षित हो जाता है।

-मेरा बच्चा साढ़े चार महीने का है। उसे न्यूमोनिया हुआ था। पांच-छह दिन से गले में दाना निकला है। सरसों का तेल लगा रहे हैं। सही है?-विष्णु पांडेय, अंबेडकर नगर

-तेल का उपयोग न करें। यदि दाना अगले कुछ दिनों में ठीक न हो तो त्वचा रोग विशेषज्ञ को दिखाएं। इसके अलावा यदि तेल लगाने की जरूरत पड़ रही है तो नारियल तेल को गुनगुना करके लगाएं। साथ ही बच्चे को बोतल से दूध न देकर कटोरी-चम्मच से पिलाएं।

-तीन महीने का बच्चा है। एक आंख से पानी गिर रहा है और कीचड़ आ रहा है। कोई दवा है? -अलका, महानगर

-रूई को पानी में उबालकर ठंडा करने के बाद आंखों से नाक की तरफ दिन में दो से तीन बार पोछें। इसके बावजूद आराम न मिले तो आंखों के डाक्टर को दिखाएं।

-पांच साल का पोता है। तीन-चार दिन से खांसी-जुकाम और बुखार है। क्या सावधानी बरतें? -सुरेश जैसवाल, खैराबाद

बुखार की दवा पैरासिटामाल बच्चे को दें। बच्चे के शरीर में पानी की कमी न होने दें। ओआरएस का घोल पानी में मिलाकर थोड़ी-थोड़ी देर पर बच्चे को पिलाएं और हीटर के सामने उसे बैठाने से बचें। साथ ही घर के दूसरे सदस्यों से बच्चे को अलग रखें।

-दो महीने की बेटी है। तालू में सरसों का तेल लगा रहे हैं। उससे पपड़ी पड़ रही है। क्या यह सही है?-सपना, अहमामऊ, अर्जुनगंज

-तालू में कभी भी सरसों का तेल या कुछ भी न लगाएं। इससे संक्रमण होने का खतरा बढ़ जाता है। धीरे-धीरे तालू भर जाएगा।

-फंगल इंफेक्शन के क्या लक्षण हैं?-अमीरुद्दीन अंसारी, बलरामपुर

-शरीर में दाद जैसे निशान पड़ जाते हैं या फिर खुजली होने लगती है। ज्यादातर यह नमी वाले स्थानों पर अर्थात जहां पर पसीना एकत्र होता है, वहां पर हो सकता है। इसके लिए शरीर में कहीं भी नमी बहुत देर तक न रहने दें। बारिश में भीगने पर खुद को अच्छे से सुखा लें। संक्रमण यदि हो जाए तो त्वचा रोग विशेषज्ञ से सलाह लें।

-तीन वर्ष का बच्चा है। सर्दियों में भी पीला पेशाब हो रहा है।-अभिषेक दीक्षित, ठाकुरगंज

बच्चे के शरीर में द्रव्य पदार्थ की कमी हो रही है। उसे नारियल पानी, दाल का पानी, लस्सी, चावल का मांड़ और ओआरएस घोल पिलाएं। पैकेज्ड जूस आदि से परहेज करें।

-छह महीने का बच्चा है। उसकी जीभ जुड़ी हुई है। क्या कोई परेशानी हो सकती है?-मंजू साहू, पंचमखेड़ा

-बच्चा जैसे-जैसे बड़ा होगा, वैसे-वैसे जीभ बढ़ेगी और ठीक हो जाएगी। बाद में यदि कोई परेशानी हो तो नाक, कान, गला विशेषज्ञ को दिखाएं।

-मेरा बच्चा प्रीमेच्योर हुआ था। अभी फिलहाल सालभर का होने वाला है। दूध नहीं पी पा रहा है। क्या करें? -राहुल, मोहनलालगंज

यदि मां अपना दूध पिला सकती है तो ठीक है, अन्यथा परेशान न हों। घर में बना खाना खिलाने की कोशिश कीजिए।

-पांच महीने का बच्चा है। खांसी आ रही है। क्या काली मिर्च जैसा कुछ दे सकते हैं?-विपिन, अमेठी

-पांच महीने के बच्चे की सांस एक मिनट में 50 बार चलनी चाहिए। ऐसे में बच्चे के सांस की दर जांचें। यदि 60 से अधिक आ रही है तो न्यूमोनिया के लक्षण हो सकते हैं। डाक्टरी परामर्श लें।

-एक हफ्ते का बच्चा है। चेहरे पर दाने हो रहे हैं। क्या क्रीम लगा सकते हैं?-दीपक शर्मा, कल्याणपुर

सामान्य बात है। परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। एक हफ्ते तक यदि यह दाने ठीक न हों तो किसी त्वचा रोग विशेषज्ञ को दिखाएं। क्रीम आदि न लगाएं। साथ ही जो भी नए कपड़े पहनाएं, उन्हें पहले घर पर धो लें।

-बच्चे के शरीर पर जन्म से ही नीले धब्बे हैं। कौन सी दवा दे सकते हैं?-प्रियंका, रायपुर, लखनऊ

-चिकित्सीय भाषा में इसे मंगोलियन स्पाट कहा जाता है। छह माह से सालभर में यह ठीक हो जाएगा। इसके बावजूद सही न हो तो त्वचा रोग विशेषज्ञ से परामर्श लें।

-मेरा बच्चा तीन महीने का है। जैसे ही दूध पीता है, उल्टी कर देता है। क्या करें?-कुश पांडेय, खुर्रमनगर

-जांचें कि बच्चे का वजन बढ़ रहा है या नहीं? इसके अलावा मां का दूध ही पिलाएं और दूध पिलाने के बाद पीठ थपथपा दें। बोतल से दूध न दें। जैसे-जैसे बच्चा बड़ा होगा, उल्टियां बंद हो जाएंगी।

-मेरी बेटी साढ़े तीन वर्ष की हो गई है, लेकिन अब भी सिर्फ दूध ही पीती है। यहां तक कि खाली बोतल भी पीती रहती है। कुछ भी खाना नहीं खाती है। क्या करें? -भावना शुक्ला, गोला, लखीमपुर

बच्चों को खाना खिलाना सिखाना पड़ता है। इसके लिए सबसे पहले उसकी बोतल छुड़ाएं। बाहर का खाना न दें। अगर वजन नहीं बढ़ रहा है तो बिना पानी मिलाए दूध दें। दूध से बने पदार्थ खिलाएं। इसके अलावा खाना बनाने की प्रक्रिया के दौरान उसे साथ में रखें। थाली सजाकर परोसें और टीवी या मोबाइल के सामने बैठाकर खाना खिलाएं।

-मेरे 21 महीने के जुड़वा बच्चे हैं। बच्चों को बार-बार जुकाम हो जाता है। पसली चलने लगती है। ठीक होने पर खांसी होने लगती है और फिर उल्टी होने लगती है। क्या करें?-अनुराग पांडेय, मडिय़ांव

बच्चों को नेबुलाइज करने की आवश्यकता है। इसके लिए बच्चों के डाक्टर को एक बार दिखाएं। यह दमा के लक्षण हो सकते हैं।

-मेरा 10 दिन का बच्चा है। तालू टपकता है। क्या तेल लगा सकते हैं?-मिथिलेश, आलमबाग

तेल लगाने की जरूरत नहीं है। तालू इसलिए चलता है, ताकि मानसिक विकास बेहतर हो सके। डेढ़ वर्ष की उम्र तक यह भर जाएगा।

-तीन महीने का बच्चा है। सर्दी जुकाम बार-बार हो रहा है और पेट फूल जाता है। क्या डाक्टर से दवा ले सकते हैं?-अजय सि‍ंह, लखीमपुर

सर्दी-जुकाम के लिए नाक साफ करने की जरूरत है। इसके लिए नार्मल स्लाइन साथ में रखें। पेट फूलने की समस्या के लिए चम्मच में पानी डालकर उसमें हींग डालकर गुनगुना करें और इसका लेप पेट पर लगाएं। बच्चे को सिर्फ मां का दूध दें। दवा की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

-मेरा 15 साल का बेटा है। सिर में रूसी रहती है और त्वचा बहुत सूखी है। क्या करें?-विकास वर्मा, बछरावां

यह सामान्यत: फंगल इन्फेक्शन के लक्षण होते हैं। नहाने के बाद सिर में तेल लगाएं और त्वचा पर मोश्चराइजर का उपयोग करें। इसके बावजूद समाधान न हो तो एक बार फिर त्वचा रोग विशेषज्ञ से परामर्श लें।

-बच्चे को पीलिया हो गया है। क्या धूप दिखा सकते हैं?-शुभम मिश्रा, लेखराज

धूप दिखाने से बच्चा ठीक नहीं होगा, बल्कि इससे ठंडी हवा लग सकती है। डाक्टरी परामर्श के अनुसार काम करें।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।