यूपी 112 मुख्यालय तक पहुंचा कोरोना संक्रमण, अब तक 320 से ज्यादा पुलिसकर्मी कोरोना पॉजिटिव
एडीजी 112 असीम अरुण का कहना है कि कोरोना संक्रमण के खतरे को भांपकर पहले ही 112 मुख्यालय भवन को सात भागों में बांटकर काम किया जा रहा है।
लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश के पुलिस विभाग में भी कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। 112 मुख्यालय तक कोरोना ने अपनी दस्तक दे दी है। यहां महिंद्रा डिफेंस कंपनी का एक कर्मचारी कोरोना संक्रमित पाया गया है। जिस क्षेत्र में संक्रमित कर्मचारी काम करता था, उसे बंद कराकर नियमानुसार सेनेटाइजेशन कराया जा रहा है। यूपी 112 का कार्य यथावत चालू है। अब और अधिक सतर्कता बरती जा रही है। अब तक सूबे में 320 से ज्यादा पुलिसकर्मी कोरोना संक्रमित हो चुके हैं।
एडीजी 112 असीम अरुण ने बताया कि महिंद्रा डिफेंस 112 की सिस्टम इंटीग्रेटेड कंपनी है। कोरोना संक्रमित पाए गए कर्मी तकनीकी इकाई में कार्यरत हैं। उनके परिवार के छह सदस्य भी संक्रमित पाए गए हैं। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके साथ ही कोरोना पॉजिटिव पाए गए कर्मी के संपर्क में आए 28 कर्मियों को होम क्वारंटाइन की सलाह दी गई है। सभी का कोरोना टेस्ट कराए जाने के लिए भी संपर्क किया गया है।
एडीजी 112 असीम अरुण का कहना है कि 112 मुख्यालय में लगातार सैनीटाइजेशन कराया जा रहा है। कोरोना संक्रमण के खतरे को भांपकर पहले ही 112 भवन को सात भागों में बांटकर काम किया जा रहा है। कोरोना पॉजिटिव पाए गए कर्मी जिस क्षेत्र में काम करते थे, उसे सील कर विधिवत सैनीटाइज कराया जा रहा है। 112 में काम पूरी तरह से चालू है। कर्मियों को और सतर्कता बरतने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।
दूसरी ओर डीजीपी मुख्यालय से संबद्ध उपनिरीक्षक घनश्याम भी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। डीजीपी के पीआरओ एएसपी अभयनाथ त्रिपाठी के अनुसार दारोगा घनश्याम डीजीपी मुख्यालय की बाहरी सुरक्षा में गेट नंबर तीन पर तैनात थे। वह दो दिन पूर्व अवकाश से लौटे थे।