राहुल गांधी के सवालों पर गांव-गांव चर्चा कराएगी कांग्रेस, प्रदेश मुख्यालय में बनाया गया वार रूम
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मंगलवार को लखनऊ आकर अदाणी पर सवालों को लेकर केंद्र सरकार को घेरा था और पिछड़ों के मुद्दे को भी उठाया था। अब शुक्रवार को वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सभी जिलों में इसी मुद्दे को उठाएंगे।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ : यूपी की सियासत में एक के बाद एक विवाद को लेकर राजनीतिक दलों के बीच जोर आजमाइश होती रही है। रामचरितमानस पर टिप्पणी को लेकर सियासी संग्राम के बाद अब कांग्रेस के हाथ पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता निरस्त किए जाने के बाद उद्योगपति गौतम अदाणी को लेकर पूछे जा रहे सवालों का मुद्दा है।
प्रदेश कांग्रेस इसे धार देकर निकाय चुनाव से पहले अपने पक्ष में माहौल बनाने का प्रयास भी कर रही है। प्रदेश अध्यक्ष ब्रजलाल खाबरी का कहना है कि अदाणी को लेकर संसद में राहुल गांधी द्वारा पूछे गए सवालों पर वार्ड से लेकर ब्लाक व गांव तक लोगों के बीच जाकर चर्चा कराई जाएगी।
जब तक भाजपा उनका जवाब नहीं देती, कांग्रेस इसे लेकर अपना संषर्घ जारी रखेगी। हालांकि यह भी देखना होगा कि प्रदेश में लंबे समय से जनाधार से दूर कांग्रेस इस मुद्दे को लोगों के बीच कितने समय तक गरमाए रख पाएगी।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मंगलवार को लखनऊ आकर अदाणी पर सवालों को लेकर केंद्र सरकार को घेरा था और पिछड़ों के मुद्दे को भी उठाया था। अब शुक्रवार को वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सभी जिलों में इसी मुद्दे को उठाएंगे। प्रेसवार्ता के बाद डीएम को ज्ञापन सौंपे जाएंगे। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष व प्रांतीय अध्यक्ष नकुल दुबे समेत अन्य वरिष्ठ नेता मुद्दे को और धार देने का प्रयास करेंगे।
पार्टी ने इस अभियान को गति देने के लिए प्रदेश मुख्यालय में एक वार रूम भी बनाया है। छह प्रांतों के लिए अलग-अलग पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो वरिष्ठ नेताओं के संदेश जिलों तक पहुंचाने के साथ ही वहां की गतिविधियों का ब्योरा भी जुटाएंगे।
प्रदेश अध्यक्ष खाबरी का कहना है कि निकाय चुनाव की पूरी तैयारी है। पार्टी सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी। हर वार्ड के लिए तीन से चार उम्मीदवारों की सूची तैयार है। आरक्षण की तस्वीर साफ होने पर उम्मीदवार तय किए जाएंगे। कहना है कि इससे पहले हर वार्ड स्तर पर पदाधिकारियों को पार्टी की मुहिम को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। अदाणी को लेकर पूछे गए सवालों पर अधिक से अधिक चर्चा कराए जाने की तैयारी है।