उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस के 68 पदाधिकारी निलंबित, दिल्ली की रैली से गायब रहने की आलाकमान से मिली सजा
Action of All India Congress: कांग्रेस आलाकमान के निर्देश पर उत्तर प्रदेश के अनुशासनहीन युवा कांग्रेसियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।

उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस कमेटी
HighLights
अनुशासन को लेकर कांग्रेस आलाकमान उत्तर प्रदेश को लेकर काफी सख्त
कांग्रेस आलाकमान का 12 जिलाध्यक्ष व तीन प्रदेश उपाध्यक्ष पर एक्शन
अनुशासनहीनता पर आलाकमान की प्रदेश के नेताओं पर कार्रवाई
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। कांग्रेस ने दिल्ली की रैली से गायब रहने वाले उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों पर बड़ी कार्रवाई की है। लखनऊ में बीते महीने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पर टिप्पणी करने वाली लखनऊ की पार्षद ममता चौधरी के खिलाफ भले ही अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है, लेकिन अनुशासनहीनता पर युवा कांग्रेस के 68 पदाधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने एक नवंबर को चुनाव आयोग और नरेन्द्र मोदी सरकार के खिलाफ एक नवंबर को रैली की थी। इस रैली के आयोजक राहुल गांधी थे। इसमें सभी विपक्षी दलों के शीर्ष नेता भी पहुंचे थे।
कांग्रेस की रैली में उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस की उदासीनता का प्रकरण जब आलाकमान तक पहुंचा तो तत्काल एक्शन का फरमान जारी किया गया। इस कार्रवाई के बाद प्रदेश संगठन में हलचल तेज हो गई है। इसे युवा कांग्रेस के स्तर पर बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई माना जा रहा है। अब इस फैसले के बाद युवा कांग्रेस के प्रदेश संगठन में आगे होने वाले बदलावों पर भी नजर रहेगी।
कांग्रेस आलाकमान के निर्देश पर उत्तर प्रदेश के अनुशासनहीन युवा कांग्रेसियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। दिल्ली एक नवंबर को आयोजित रैली में नहीं पहुंचने वाले उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस के 12 जिलाध्यक्ष, तीन प्रदेश उपाध्यक्ष, 33 प्रदेश महासचिव और 18 प्रदेश सचिव को निलंबित किया गया है। इनके साथ ही सोशल मीडिया कोऑर्डिनेटर को भी सस्पेंड किया गया है।
युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने दिल्ली में आयोजित रैली से पदाधिकारियों की गैरमौजूदगी को गंभीर अनुशासनहीनता माना है। इसके बाद उनके निर्देश पर निलंबन की प्रक्रिया शुरू की गई। यूपी ईस्ट के सह संयोजक नरसिम्हा यादव और यूपी ईस्ट के अध्यक्ष विशाल सिंह के संयुक्त हस्ताक्षर से कार्रवाई संबंधी पत्र जारी किया गया। संबंधित पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का फैसला लागू किया गया। संगठन की ओर से इस कदम को अनुशासन बनाए रखने के लिए जरूरी बताया गया है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने की कार्रवाई की पुष्टि
कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता हसीब अहमद ने भी युवा कांग्रेस के 68 पदाधिकारियों के निलंबन की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि संगठन में अनुशासन को लेकर किसी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। पार्टी के कार्यक्रमों और नेतृत्व के निर्देशों का पालन करना पदाधिकारियों की जिम्मेदारी है। दिल्ली की रैली में अनुपस्थित रहने के मामले को संगठन ने गंभीरता से लिया है। इसी वजह से संबंधित नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।