पेट्रोल-डीजल मूल्य वृद्धि के खिलाफ सड़क पर उतरे कांग्रेसी, प्रदेश अध्यक्ष ने इक्का खींचकर जताया विरोध
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि भाजपा सरकार जनता की खून-पसीने की कमाई पर डाका डाल रही है।
लखनऊ, जेएनएन। पेट्रोल और डीजल के दामों में वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में प्रदर्शन किया। सड़कों पर उतरे कांग्रेसियों ने अपने-अपने तरीके से प्रदर्शन किया। लखनऊ में प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने इक्का खींचकार विरोध जताया और कार्यकर्ताओं के साथ गिरफ्तारी भी दी। बाद में पुलिस ने सभी को रिहा कर दिया।
राजधानी लखनऊ में हजरतगंज चौराहा स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने कांग्रेसियों ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान रोकने को पहुंची पुलिस के साथ धक्कामुक्की हुई, जिस पर सभी को हिरासत में ले लिया गया और फिर थोड़ी देर बाद ईको गार्डन लाकर रिहा कर दिया गया। इस दौरान सरकार पर हमलावर प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि भाजपा सरकार जनता की खून-पसीने की कमाई पर डाका डाल रही है। कांग्रेस की सरकार में पेट्रोल का उत्पाद शुल्क 9.20 रुपया और डीजल का 3.40 पैसा था, लेकिन भाजपा सरकार में उत्पाद शुल्क बढ़ाकर पेट्रोल पर 23.38 रुपया और डीजल पर 28.37 रुपया कर दिया गया है। डीजल पर उत्पाद शुल्क लगभग नौ गुना बढ़ा है।
प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि कोरोना महामारी में किसान बहुत संकट में है। उसके पास फूटी कौड़ी नहीं है। ऐसे वक्त में गरीब-किसान विरोधी सरकार मुनाफाखोरी के चलते दाम बढ़ा रही है। इसको बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हम सड़क से सदन तक लड़ाई लड़ेंगे। प्रदर्शन में पूर्व विधायक श्यामकिशोर शुक्ला, प्रभारी प्रशासन अनूप गुप्ता, दिनेश सिंह, महामंत्री मनोज यादव, प्रवक्ता बृजेंद्र कुमार सिंह, अशोक सिंह, डॉ. अनूप पटेल, मीडिया संयोजक ललन कुमार, रमेश शुक्ला, शहर अध्यक्ष मुकेश सिंह चौहान आदि शामिल रहे।
फिर उड़ी शारीरिक दूरी की धज्जियां : प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसियों ने शारीरिक दूरी के नियम की फिर धज्जियां उड़ाईं। कार्यकर्ता एक-दूसरे से सटकर प्रदर्शन करते रहे। कई के चेहरे पर मास्क तक नहीं था। इससे पहले जब प्रदेश अध्यक्ष जेल से जमानत पर रिहा हुए, तब भी कार्यकर्ताओं ने कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए जरूरी स्वास्थ्य सुरक्षा नियमों का ध्यान नहीं रखा था।