UP Assembly Election 2022: लखनऊ में कांग्रेस की चुनावी तैयारियों की थाह लेंगी प्रियंका वाड्रा
UP Assembly Election 2022 प्रियंका वाड्रा ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी पदाधिकारियों के साथ वीडियो कान्फ्रेंसिंग में अपने आने का मंतव्य बताया। वह प्रदेश चुनाव समिति की बैठक करेंगी जिसमें जिला प्रभारियों को कांग्रेस महासचिव के सामने जिले की विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारी के बारे में प्रस्तुतीकरण करना होगा।
लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा लखनऊ में अपने प्रवास के दौरान विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की चुनावी तैयारियों की थाह लेंगी। प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में वह विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों की उम्मीदवारी के आधार को भी परखेंगी। सलाहकारों और संगठन के पदाधिकारियों के साथ कांग्रेस के चुनाव अभियान के श्रीगणेश के साथ उसके स्वरूप और रूपरेखा पर भी मंथन करेंगी। प्रियंका गुरुवार शाम लखनऊ पहुंचेंगी और 10 व 11 सितंबर को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में बैठकें करेंगी।
लखनऊ आगमन से पूर्व प्रियंका वाड्रा ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी पदाधिकारियों के साथ वीडियो कान्फ्रेंसिंग में अपने आने का मंतव्य बताया। वह प्रदेश चुनाव समिति की बैठक करेंगी, जिसमें जिला प्रभारियों को कांग्रेस महासचिव के सामने जिले की विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारी के बारे में प्रस्तुतीकरण करना होगा। उन्हें बताना होगा कि जो नाम संस्तुत किये गए हैं, उनकी उम्मीदवारी का आधार क्या है। जिलाध्यक्षों से भी इस बाबत रिपोर्ट मांगी गई है। जो बैठक में उनके सामने रखी जाएगी।
सूत्रों के मुताबिक विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारी को लेकर पार्टी ने सर्वे भी कराया है। फिलहाल फोकस उन 100 सीटों पर है, जहां उम्मीदवारी को लेकर ज्यादा दावेदार नहीं हैं। इनमें से 40 सीटों पर एकल दावेदार हैं, जिन्हें पार्टी की ओर से अनौपचारिक तौर पर चुनाव लडऩे की तैयारियों में जुटने का इशारा कर दिया गया है। वहीं तकरीबन 60 सीटों पर दो दावेदार हैं।
कांग्रेस की जिला व शहर, ब्लाक और न्याय पंचायत कमेटियों के पदाधिकारियों को चुनावी तैयारियों की ट्रेनिंग देने के लिए प्रशिक्षण से पराक्रम कार्यक्रम का पहला चरण बुधवार को पूरा हो गया है। चुनावी तैयारियों को परखने के क्रम में प्रियंका इसकी भी समीक्षा करेंगी। वह एडवाइजरी कमेटी और स्ट्रेटेजी कमेटी के साथ बैठकें भी करेंगी, जिसमें कांग्रेस के चुनावी अभियान के आगाज के तौर तरीकों पर चर्चा होगी।
कांग्रेस के चुनावी घोषणापत्र को तैयार करने के इरादे से प्रदेश के कुछ जिलों का दौरा कर चुकी मैनिफैस्टो कमेटी से भी फीडबैक लेंगी। लखनऊ प्रवास के बाद प्रियंका रायबरेली भी जा सकती हैं। अक्टूबर में लखनऊ में पार्टी की बड़ी रैली कराने पर भी विचार मंथन हो रहा है।