कांग्रेस की नजरें सीतापुर से पार्टी के सांसद राकेश राठौर पर, आज संसद में रहेंगे मौजूद
Congress MP Rakesh Rathore: कांग्रेस के मुख्य सचेतक कोडिकुन्निल सुरेश ने लोकसभा के सभी सांसदों को पत्र जारी कर सोमवार से गुरुवार तक सदन में उपस्थित रहने और पार्टी के रुख का समर्थन करने का निर्देश दिया है।

सीतापुर से कांग्रेस के सांसद राकेश राठौर
HighLights
संसद सत्र के पहले दिन सोमवार को पार्टी के नेताओं से मुलाकात करेंगे राठौर
पार्टी में खींचतान के बीच सांसद की नाराजगी दूर करने की पहल
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी में चल रही खींचतान के बीच पार्टी के तीन लाइन के व्हिप ने सीतापुर से सांसद राकेश राठौर को चर्चा के केंद्र में ला दिया है। प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और उनकी कार्यप्रणाली से नाराज चल रहे राठौर को शीर्ष नेतृत्व ने बातचीत का भरोसा दिया है। परिसीमन और इससे जुड़े महिला आरक्षण विधेयक को सोमवार को लोकसभा में फिर से पेश किया जाएगा, इसको लेकर कांग्रेस राकेश राठौर के कदम को लेकर परेशान है।
संसद सत्र के पहले दिन सोमवार को पार्टी के नेताओं से मुलाकात होनी है। राठौर ने साफ किया है कि वह पहले संसद में मौजूद रहकर पार्टी के साथ खड़े होंगे और इसके बाद अपनी शिकायतों पर चर्चा करेंगे। कांग्रेस के मुख्य सचेतक कोडिकुन्निल सुरेश ने लोकसभा के सभी सांसदों को पत्र जारी कर सोमवार से गुरुवार तक सदन में उपस्थित रहने और पार्टी के रुख का समर्थन करने का निर्देश दिया है।
इस दौरान संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026, केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) दूसरा विधेयक, 2026 और परिसीमन (दूसरा) विधेयक, 2026 पर चर्चा और मतदान होना है। इस सिलसिले में प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने रविवार को दिल्ली में उत्तर प्रदेश के सांसदों की बैठक बुलाई थी।
व्यस्तता के कारण बैठक में राकेश राठौर नहीं शामिल हुए। उन्होंने कहा कि उनके क्षेत्र में कई कार्यक्रमों में उन्हें भाग लेना था। वह रात को दिल्ली जाएंगे और सोमवार को संसद के सत्र में शामिल होंगे। इसके बाद उनकी मुलाकात प्रदेश प्रभारी से होगी।
सांसद राकेश राठौर ने कार्यप्रणाली से जताई नाराजगी
सीतापुर से कांग्रेस के सांसद राकेश राठौर ने प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम की कार्यप्रणाली से नाराजगी जताई है। आरोप लगाया कि पार्टी में उन्हें साइड लाइन (किनारे) किया जा रहा है। प्रदेश प्रभारी के पास अपनी ही पार्टी के एकमात्र पिछड़े वर्ग के सांसद के लिए पांच मिनट का समय नहीं है। उनका यह बयान उस समय आया है जब कांग्रेस संसद के विशेष सत्र में भाजपा के विरोध की तैयारी कर रही है।
वहीं, सपा के साथ सीट बंटवारे को लेकर कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष इमरान मसूद ने तीखा बयान देकर गठबंधन में हलचल पैदा कर दी है। उन्होंने इंटरनेट मीडिया पर दिए बयान में कहा है कि गठबंधन के नाम पर कांग्रेस अपनी राजनीतिक ताकत और पार्टी के हितों से समझौता नहीं करेगी। यदि गठबंधन में कांग्रेस को कमजोर सीटें ही दी जानी हैं तो फिर गठबंधन करने की जरूरत क्या है। कांग्रेस को ऐसी सीटें भी मिलनी चाहिए, जहां जीतने की संभावनाएं हों। वह सम्मानजनक सीट बंटवारे की बात कर रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।