UP Weather : 15 दिसंबर से ठंड पकड़ेगी जोर, प्रदेश में बारिश की संभावना Lucknow News
UP Weather तैयार हो जाएं कड़ाके की ठंड के लिए 15 से कोहरे के साथ ठंड बढऩे के आसार।
लखनऊ, जेएनएन। आधा दिसंबर गुजरने को है। अभी तक लोग गुलाबी जाड़े का लुत्फ उठा रहे हैं। सुबह-शाम ठंडक लेकिन, दिन में गुनगुनी धूप सुकून दे रही है। हालांकि, मौसम करवट लेने वाला है और 15 दिसंबर से ठंड जोर पकड़ेगी। तापमान में कमी आएगी। तापमान गिरने और नमी बढऩे से कोहरा भी बढ़ेगा।
दरअसल, जम्मू कश्मीर पर पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। जिसके चलते गुरुवार को पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश में बारिश की संभावना है। मध्य प्रदेश व बिहार में भी कुछ स्थानों पर बारिश के आसार हैं। राजधानी व आसपास गुरुवार को बदली के साथ बारिश होने के संभावना है। वहीं पूर्वी व पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश हो सकती है। खासतौर पर 12-13 दिसंबर की रात पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बिजनौर, बरेली, मुरादाबाद में अच्छी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार 14 को हालांकि बारिश की संभावना बहुत कम है लेकिन, बादलों की आवाजाही लगी रहेगी। इसके बाद मौसम साफ हो जाएगा। हालांकि न्यूनतम तापमान में कमी आएगी जिससे कोहरा घना होगा।
बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से कम 24.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वातावरण में आद्र्रता 92 फीसद रही। गुरुवार को अधिकतम तापमान 23 डिग्री तक होने के आसार हैं।
बारिश दिलाएगी प्रदूषण से राहत
चिंताजनक स्तर में पहुंचते वायु प्रदूषण से अब बारिश ही राहत दिलाएगी। बुधवार को राजधानी में एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआइ) 362 रिकार्ड किया गया। जो मंगलवार की अपेक्षा 59 यूनिट अधिक रहा। वहीं ग्रेटर नोएडा देश का सर्वाधिक प्रदूषित शहर रहा जहां एक्यूआइ 449 दर्ज हुआ। यही नहीं गाजियाबाद 441 दूसरे नंबर पर और नोएडा 426 तीसरे नंबर पर रहा। दिल्ली में भी एक्यूआइ अत्यंत गंभीर स्तर 408 रिकॉर्ड हुआ। उम्मीद है कि अगले दो दिन की बारिश से लोगों को दूषित हवाओं से कुछ राहत मिलेगी।