विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 12, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

UP Weather Today: यूपी में दो दिन बाद और बढ़ेगी सर्दी, तीन डिग्री तक गिरेगा तापमान, सड़कों पर छाने लगा कोहरा

By Jagran NewsEdited By: Prabhapunj Mishra
Published: Mon, 12 Dec 2022 08:11 AM (IST)

UP Weather Today यूपी में ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। सड़कों पर कोहरा छाने से वाहनों को लाइट ...और पढ़ें

UP Weather Today: यूपी में बढ़ी ठंड, सड़कों पर छाया घना कोहरा
UP Weather Today: यूपी में बढ़ी ठंड, सड़कों पर छाया घना कोहरा

लखनऊ, जागरण संवाददाता। यूपी में कोहरा और ठंडी हवा की दस्तक के बाद अब सर्दी धीरे-धीरे बढ़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार, दो दिनों के बाद तापमान में लगभग तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट के साथ ही सर्दी बढ़ने के आसार हैं। उत्तर प्रदेश राज्य स्तरीय पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तरी पाकिस्तान और पंजाब से होकर आने वाली बर्फीली हवा के चलते मौसम में शुष्कता बनी हुई है। आने वाले दो दिनों में तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक कम होगा। इसके चलते दिन में भी हल्का कोहरा रह सकता है और सर्दी बढ़ेगी।

ठंड बढ़ने के साथ खराब हुई लखनऊ की हवा

सोमवार को लखनऊ और आसपास के जिलों में सुबह धुंध या हल्का कोहरा रहा। इसके बाद दिन में आसमान साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। राजधानी में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ) लगातार खराब श्रेणी में दर्ज हो रहा है। रविवार को लखनऊ का एक्यूआइ 239 पर दर्ज किया गया। शनिवार को यह 246 पर था। रविवार को अधिकतम तापमान 27.6 और न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान कानपुर, वाराणसी और प्रयागराज में 28.6 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज हुआ। सबसे कम तापमान मुजफ्फरनगर में 6.6 डिग्री सेल्सियस और शाहजहांपुर में 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

सड़कों पर द‍िखा कोहरा, हाईवे पर थमी वाहनों की रफ्तार

ज‍िलों में तापमान में गिरावट होने के साथ कोहरा छाने लगा है। इटावा, कन्‍नौज, बहराइच, गोंडा, बस्‍ती, च‍ित्रकूट सह‍ित प्रदेश के कई ज‍िलों में सोमवार को तड़के कोहरा छाना शुरू हुआ जो करीब आठ बजे तक बना रहा। हालांकि इसका असर शहर में तो कम दिखाई दिया लेकिन हाईवे पर व ग्रामीण इलाकों में सीजन के पहले कोहरे ने अपनी रंगत पूरी दिखाई। आगरा कानपुर नेशनल हाईवे, इटावा बरेली हाईवे पर वाहनों को धीमी गति से चलना पड़ा।

यूपी में शुरु हुआ सर्दी का प्रकोप

ठंड का असर भी सुबह दिखाई दिया। वाहनों को लाइट जलाकर सोमवार की सुबह आवागमन करना पड़ा। लोगों ने चाय की दुकानों के आगे अलावा जलाए और आग तापते रहे। आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भी कोहरा छाने से तेज रफ्तार वाहनों की गति धीमी दिखाई दी। दुकानदार कुलदीप राजपूत का कहना था कि सर्दी का प्रकोप शुरू हो गया है। ऐसे में जिला प्रशासन को लकड़ी का इंतजाम करना चाहिए और जगह जगह अलाव की व्यवस्था करनी चाहिए। हालांकि अभी तक जिला प्रशासन द्वारा अलाव की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। अपर जिलाधिकारी जय प्रकाश ने बताया कि सभी तहसीलों को निर्देश दे दिए गए हैं। जल्द ही अलाव की व्यवस्था कराई जाएगी।

अगले पांच दिनों तक बारिश की कोई संभावना नहीं

मौसम विज्ञानी एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है। सुबह के समय हल्का कोहरा छाया रहेगा। हालांकि दिन में मौसम साफ रहेगा। अगले पांच दिनों तक अभी बारिश की कोई संभावना नहीं है। रविवार को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस व अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यातायात निरीक्षक राजकुमार शर्मा ने बताया कि कोहरे की शुरूआत होते ही वाहन चालक वाहनों को धीमी गति से चलाएं ताकि दुर्घटना की संभावना कम रहे। सड़कों पर सुरक्षित चलें। कोहरे के कारण कम दिखाई देने पर सफेद पट्टी का सहारा लें। वाहनों की लाइटों को जलाकर चलें।