यूपी के कई शहरों में महंगी हुई CNG, लखनऊ में दो तो अयोध्या में 3.25 रुपये बढ़े दाम; देखें पूरी रेट लिस्ट
उत्तर प्रदेश के कई शहरों में सीएनजी की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है, जिसमें लखनऊ में 2 रुपये और अयोध्या-सुल्तानपुर में 3.25 रुपये प्रति किलोग्राम की वृद्धि शामिल है।

लखनऊ समेत कई जिलों में सीएनजी महंगा।
HighLights
लखनऊ में सीएनजी 2 रुपये बढ़कर 107 रुपये/किलो हुई।
अयोध्या और सुल्तानपुर में 3.25 रुपये की सर्वाधिक वृद्धि।
इनपुट गैस लागत में बढ़ोतरी मुख्य कारण बताया गया।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। वाहन चालकों पर एक बार फिर महंगाई का असर पड़ा है। कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (सीएनजी) के दाम में बढ़ोतरी कर दी गई है। लखनऊ में सीएनजी की कीमत शनिवार से दो रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ गई है। अब यहां सीएनजी 107 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से मिलेगी। इससे पहले इसकी कीमत 105 रुपये प्रति किलोग्राम थी।
सीएनजी के खुदरा बिक्री मूल्य में यह संशोधन संबंधित भौगोलिक क्षेत्रों में किया गया है। कंपनी की ओर से जारी सूचना के अनुसार, उन्नाव में भी सीएनजी की कीमत दो रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ाई गई है। यहां सीएनजी की कीमत 101.75 रुपये से बढ़कर 103.75 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है। लखनऊ और उन्नाव में संशोधित दर तीन अक्टूबर से प्रभावी हो गई है।
इसके अलावा आगरा में चार अक्टूबर से सीएनजी की कीमत 105 रुपये से बढ़कर 107 रुपये प्रति किलोग्राम हो जाएगी। अयोध्या और सुलतानपुर में सीएनजी के दाम में सबसे अधिक बढ़ोतरी की गई है।
इन दोनों क्षेत्रों में कीमत 101.75 रुपये से बढ़ाकर 105 रुपये प्रति किलोग्राम कर दी गई है। यानी यहां वाहन चालकों को प्रति किलोग्राम 3.25 रुपये अधिक खर्च करने होंगे। कंपनी के मुताबिक सीएनजी की कीमतों में संशोधन के पीछे इनपुट गैस की लागत में बढ़ोतरी मुख्य कारण है।
