विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

1 जून को एक लाख रुपये और टैबलेट देंगे सीएम योगी, 10वीं और 12वीं के बच्चों की चमकी किस्मत

Published: Tue, 26 May 2026 09:37 PM (IST)

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 1 जून को लोक भवन में 223 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करेंगे। इनमें यूपी बोर्ड, सीबीएसई, सीआईएससीई ...और पढ़ें

सीएम योगी आदित्यनाथ - जागरण

सीएम योगी आदित्यनाथ - जागरण

HighLights

  1. 1 जून को सीएम योगी करेंगे मेधावियों का सम्मान।

  2. 223 छात्रों को मिलेगा 1 लाख, टैबलेट और मेडल।

  3. जिला स्तर पर भी 1459 मेधावी होंगे सम्मानित।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। यूपी बोर्ड समेत विभिन्न शिक्षा बोर्डों के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के मेधावी छात्र-छात्राओं को एक जून को सम्मानित किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लोक भवन में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में 223 मेधावियों को सम्मानित करेंगे। हर मेधावी छात्र को एक लाख रुपये, टैबलेट, मेडल और प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा।

माध्यमिक शिक्षा निदेशक डा. महेंद्र देव ने सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों को कार्यक्रम को सही तरीके से आयोजित कराने के निर्देश दिए हैं। राज्य स्तरीय कार्यक्रम सुबह 11 बजे शुरू होगा और इसका लाइव प्रसारण सभी जिला मुख्यालयों पर कराया जाएगा।

राज्य स्तर पर यूपी बोर्ड, यूपी संस्कृत शिक्षा परिषद, सीबीएसई (केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड) और सीआइएससीई (काउंसिल फार द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन) के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। इनमें यूपी बोर्ड के प्रथम 10 स्थान प्राप्त छात्र भी शामिल हैं।

कुल 223 मेधावियों और उनके एक-एक अभिभावक को कार्यक्रम में बुलाया गया है। मेधावी विद्यार्थियों को स्कूल यूनिफार्म में कार्यक्रम में शामिल होना होगा। जिला विद्यालय निरीक्षकों को निर्देश दिया गया है कि सभी छात्र 31 मई की शाम पांच बजे तक लखनऊ पहुंच जाएं। इसके साथ ही प्रदेश के 1459 जिला स्तरीय मेधावियों को भी सम्मानित किया जाएगा।

जिला स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में मंत्री और जनप्रतिनिधि छात्रों को 21 हजार रुपये, मेडल और प्रशस्ति पत्र देंगे। सरकार की ओर से मेधावियों को दी जाने वाली धनराशि पहले ही जिलों को भेजी जा चुकी है। टैबलेट खरीदने के लिए भी अलग से बजट जारी किया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षकों को निर्देश दिया गया है कि कार्यक्रम के दिन ही सभी मेधावियों के खातों में सम्मान राशि हस्तांतरित कर दी जाए।

राज्य स्तर पर टाप-10 मेधावियों की संख्या

बोर्ड हाईस्कूल इंटर
यूपी बोर्ड 115 23
संस्कृत बोर्ड 11 10
सीआइएससीई 22 11
सीबीएसई 13 18