खिलाड़ियों को खाकी की सौगात, सीएम योगी आज लखनऊ में 470 कुशल खिलाड़ियों को सौंपेंगे नियुक्ति पत्र
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज लखनऊ में 470 कुशल खिलाड़ियों को उत्तर प्रदेश पुलिस में नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। इस पहल के ...और पढ़ें

HighLights
मुख्यमंत्री योगी 470 कुशल खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे।
उत्तर प्रदेश पुलिस में विभिन्न पदों पर खिलाड़ियों की भर्ती।
पुलिस बल में खेल सुविधाओं और हॉस्टल का विस्तार होगा।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को सरकारी सेवा से जोड़ने की पहल के तहत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को 470 खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। लखनऊ स्थित लोक भवन सभागार में आयोजित समारोह में कुशल खिलाड़ी कोटे के तहत उत्तर प्रदेश पुलिस में चयनित खिलाड़ियों को विभिन्न पदों पर नियुक्ति दी जाएगी। इसके साथ ही पुलिस बल में खेल सुविधाओं के विस्तार से जुड़ी परियोजनाओं का भी शुभारंभ किया जाएगा।
चयनित 470 खिलाड़ियों में 43 उप निरीक्षक (नागरिक पुलिस), 295 आरक्षी (नागरिक पुलिस) और 132 आरक्षी (पीएसी) शामिल हैं। समारोह में पुलिस बल के खिलाड़ियों के लिए विभिन्न खेल सुविधाओं और हास्टल की भी सौगात मिलेगी। 35वीं वाहिनी पीएसी, लखनऊ में सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक का पुनर्निर्माण किया जाएगा।
यहां 150 खिलाड़ियों की क्षमता वाले स्पोर्ट्स हास्टल का भी निर्माण होगा। इसी तरह 10वीं वाहिनी पीएसी, बाराबंकी में एस्ट्रोटर्फ हाकी ग्राउंड बनाया जाएगा। यहां भी 150 खिलाड़ियों के लिए स्पोर्ट्स हास्टल का निर्माण किया जाएगा। 41वीं वाहिनी पीएसी, गाजियाबाद में इनडोर स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स बनाया जाएगा, जबकि 47वीं वाहिनी पीएसी, गाजियाबाद में कबड्डी ग्राउंड और टीन शेड का निर्माण कराया जाएगा।
