Move to Jagran APP

सारस और बारहसिंगा के लिए विकसित करें विशेष पार्क: सीएम योगी, बोले- पर्यावरण संरक्षण में करें CSR फंड का उपयोग

मुख्यमंत्री ने वन विभाग द्वारा पांच कालिदास मार्ग पर आयोजित कार्यक्रम में कहा कि वन विभाग प्रदेश के जंगलों को ईको टूरिज्म के रूप में विकसित करने का कार्य करें। वनों में मौजूद जलाशयों की साफ सफाई और उनके चारों तरफ पौधारोपण अभियान चलाया जाए।

By Shobhit SrivastavaEdited By: Shivam YadavPublished: Mon, 27 Mar 2023 11:48 PM (IST)Updated: Mon, 27 Mar 2023 11:48 PM (IST)
सारस और बारहसिंगा के लिए विकसित करें विशेष पार्क: सीएम योगी, बोले- पर्यावरण संरक्षण में करें CSR फंड का उपयोग
सारस और बारहसिंघा के लिए विकसित करें विशेष पार्क

लखनऊ, राज्य ब्यूरो: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को वन विभाग के अधिकारियों से कहा कि प्रदेश के घने जंगलों में राज्य पक्षी सारस और राज्य पशु बारहसिंगा के लिए विशेष पार्क विकसित किए जाएं। वन विभाग ऐसे उद्योगों व संस्थानों को चिह्नित करे, जिनसे पर्यावरण और वन संपदा को सबसे ज्यादा नुकसान हो रहा है। इनकी कारपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) फंड का प्रयोग पर्यावरण व वन संरक्षण के लिए किया जाए।

loksabha election banner

मुख्यमंत्री ने वन विभाग द्वारा पांच कालिदास मार्ग पर आयोजित कार्यक्रम में कहा कि वन विभाग प्रदेश के जंगलों को ईको टूरिज्म के रूप में विकसित करने का कार्य करें। वनों में मौजूद जलाशयों की साफ सफाई और उनके चारों तरफ पौधारोपण अभियान चलाया जाए। 

मुख्यमंत्री ने हीरो मोटर कार्प लिमिटेड की ओर से सीएसआर फंड से वन विभाग को प्रदान की गई मोटरसाइकिल और स्कूटी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने जलोत्सव माह का भी शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने वृक्षारोपण जन आंदोलन 2022 की कॉफी टेबल बुक का भी विमोचन किया।

सीएम योगी ने कहा कि वन विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों के ऊपर बड़ी जिम्मेदारी है। पूरी दुनिया आज इस बात के लिए चिंतित है कि पृथ्वी का क्या होगा, क्योंकि दुनियाभर में पर्यावरण परिवर्तन देखने को मिल रहा है। ऐसे दौर में पर्यावरण संरक्षण सबसे बड़ी आवश्यकता है। जलवायु परिवर्तन के दुष्परिणाम से न केवल मनुष्य बल्कि पूरी जीव सृष्टि को बचाना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वन्य संपदा को और वन्य जीवों की सुरक्षा के लिए सीएसआर फंड से हीरो मोटर कार्प के द्वारा 250 मोटरसाइकिल और 35 स्कूटी प्रदान की गई है। पहली बार देख रहा हूं कि सीएसआर के फंड का इतना बड़ा उपयोग वन विभाग कर रहा है। यूपी का वन क्षेत्र बढ़ा है और वन्यजीवों की संख्या भी बढ़ी है। जो जंगल काटे जा रहे थे उन्हें नियंत्रित किया गया है। अवैध खनन को प्रतिबंधित किया गया है।

इस मौके पर वन मंत्री अरुण कुमार सक्सेना, राज्यमंत्री केपी मलिक, मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र, अपर मुख्य सचिव मनोज सिंह, प्रधान मुख्य वन संरक्षक ममता संजीव दुबे, हीरो मोटर कार्प के राजेश मुखेजा आदि उपस्थित थे।

जंगल के जलाशय के चारों ओर होंगे पौधारोपण

मुख्यमंत्री ने जलोत्सव माह की घोषणा करते हुए कहा कि प्रदेश में हजारों अमृत सरोवर बनाए गए, जहां बड़े पैमाने पर पौधारोपण हुआ। हम ये कार्य जंगल के जलाशयों को लेकर भी शुरू कर सकते हैं। उन्होंने आह्वान किया कि इस बार वन महोत्सव के दौरान जलाशयों के चारों ओर व्यापक रूप से पौधारोपण किया जाए। हमें गंगा और यमुना के आसपास नए वेटलैंड बनाना होगा।

वन विभाग के खिलाड़ियों को दी शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम से पहले 26वीं अखिल भारतीय वन खेलकूद प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने और पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के साथ संवाद किया। इस प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के वन विभाग की टीम को 12 स्वर्ण, 18 रजत और 13 कांस्य पदक मिले हैं। मुख्यमंत्री ने सभी खिलाड़ियों को इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं देते हुए उनका अभिनंदन किया।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.