यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 23, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
यूपी उपचुनाव में भाजपा को मिली बढ़त के बाद CM Yogi की पहली प्रतिक्रिया, कहा- सपा गठबंधन के लूट-झूठ का अंत
यूपी विधानसभा उपचुनाव के नतीजे लगभग सामने हैं। नौ सीटों पर हुए उपचुनाव में तीन में भाजपा जीत चुकी हैं ...और पढ़ें

HighLights
- उपचुनाव में मिली जीत पर मुख्यमंत्री ने सपा व आईएनडीआईए गठबंधन पर साधा निशाना
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को दिया जीत का श्रेय, कहा कुंदरकी की जीत राष्ट्रवाद की जीत है
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। विधानसभा उपचुनाव और महाराष्ट्र में भाजपा गठबंधन को मिली प्रचंड जीत के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को पार्टी कार्यालय पहुंचे और उन्होंने इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को दिया। कहा कि यह जीत 'एक रहेंगे, सेफ रहेंगे' पर जनता जनार्दन की मुहर है।
पीएम मोदी को राम और राष्ट्र का आराधक बताते हुए, प्रदेश की तरफ से भाजपा के 'विजयोत्सव' में सात कमल रूपी पुष्प अर्पित करने की बात कही। उन्होंने कुंदरकी की जीत राष्ट्रवाद की जीत बताते हुए कहा कि जनता ने स्पष्ट कर दिया है कि ये चुनाव सपा और इंडी गठबंधन के 'लूट' और 'झूठ' की राजनीति के अंत की उद्घोषणा भी है।
ऐतिहासिक जीत को 'विजयोत्सव'
पत्रकारवार्ता में योगी ने भाजपा की ऐतिहासिक जीत को 'विजयोत्सव' बताया। कहा, उपचुनाव में भाजपा को 52 प्रतिशत से अधिक वोट मिले हैं। ऐसे ही महाराष्ट्र में एनडीए ने 226 सीटों पर जीत हासिल की है। देश की जनता नकारात्मक और बांटने वाली राजनीति को खारिज कर रही है, इसलिए हम कह रहे हैं कि बंटेंगे तो कटेंगे, एक रहेंगे तो सेफ रहेंगे। जनता ने राष्ट्रीय अखंडता को मजबूती प्रदान करने के लिए अपना जनादेश दिया है।
.jpg)
उन्होंने कहा कि ये जीत प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व पर जनता जनार्दन के विश्वास की मुहर है। इस संपूर्ण विजय के लिए भाजपा के सभी समर्पित कार्यकर्ताओं को हृदय से बधाई। योगी ने कहा कि देश में विरासत और विकास का बेहतर समन्वय प्रारंभ हुआ है। सुरक्षा, सुशासन और समृद्धि का विशेष समन्वय हम देख पा रहे हैं। सात सीटों पर जो जीत हमें मिली है ये यूपी की ओर से पीएम मोदी के अभियान को सात कमल के रूप में समर्पित हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महाराष्ट्र में भी हमें प्रचंड, अभूतपूर्व और ऐतिहासिक विजय प्राप्त हुई है। यह राम और राष्ट्र के आराधक पीएम मोदी के यशस्वी नेतृत्व पर नये महाराष्ट्र के विश्वास की मुहर है। यह छत्रपति शिवाजी के आदर्शों की विजय है। बाबा साहेब का अपमान करने वालों की पराजय है। यह तुष्टिकरण और सांप्रदायिकता के शार्टकट से सरकार बनाने का सपना देखने वालों की पराजय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सीसामऊ और करहल में वैसे तो हमारी जीत नहीं हुई है, लेकिन बड़ी संख्या में जनता ने राष्ट्रवाद पर भरोसा जताया है इसके लिए इन दोनों विधानसभा क्षेत्र की जनता जनार्दन का विशेष आभार।
जनता ने निकाल दी सपा के गुब्बारे की हवा : केशव
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, आज जो जनता ने भाजपा गठबंधन को अपना आशीर्वाद दिया है वह असाधारण है। इस उपचुनाव को वर्ष 2027 का सेमीफाइनल कहने वाले आज चारों खाने चित हो गए हैं। पीडीए के नाम पर परिवार डेवलपमेंट अथारिटी चलाने वाले हार गए हैं। समाजवादी पार्टी के गुब्बारे की हवा प्रदेश की जनता ने निकाल दी है। हम अगर अपराधियों, बलात्कारियों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे तो हमको प्रदेश की जनता आशीर्वाद जरूर देगी।
जाति-धर्म से ऊपर उठकर जनता ने वोट दिया: ब्रजेश पाठक
दूसरे उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा, विपक्ष ने लोकसभा चुनाव के दौरान जो नकारात्मक नैरेटिव सेट किया था उसकी हार हो गई है। उन्होंने चुनाव के समय खटाखट पैसे देने की बात कही थी। जनता ने उस झूठ को पहचान लिया है। कुंदरकी में जनता ने जाति, धर्म, संप्रदाय से ऊपर उठकर भाजपा को वोट दिया। करहल में भी अखिलेश यादव के घर में भाजपा मात्र कुछ वोटों के अंतर से हारी है।
विपक्ष के नकारात्मक एजेंडे की हुई हार : भूपेन्द्र
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा, आज हम सभी के लिए बहुत आनंद देने वाला समय है। उपचुनाव में विपक्ष को आज बहुत बड़ी पराजय का सामना करना पड़ा है। नकारात्मक एजेंडे की हार हुई है। समाज को जातियों में बांटने का षड्यंत्र विफल साबित हुआ है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी के प्रति जनता ने विश्वास व्यक्त किया है।
संगठन महामंत्री ने करहल के भाजपा प्रत्याशी का बढ़ाया हौसला
भाजपा के महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने शनिवार को उपचुनाव के नतीजे आने के बाद करहल से भाजपा उम्मीदवार अनुजेश प्रताप को फोन कर उनके प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया। कहा कि आप भले ही थोड़े अंतर से हार गए लेकिन भाजपा के लिए आप ही करहल के विधायक हैं। क्षेत्र में विधायक की तरह की काम कीजिए लोगों के बीच जाइए और उनके काम कीजिए।
