चढ़ावा चोरी की रिपोर्ट आने से पहले गृह मंत्री शाह से मिले सीएम योगी, 40 मिनट तक चली बातचीत
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नई दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की। यह मुलाकात श्रीराम मंदिर में चढ़ावा चोरी की अंतिम जांच रिपोर्ट आने से ठीक पहले हुई।
HighLights
मुख्यमंत्री योगी ने नई दिल्ली में गृहमंत्री अमित शाह से भेंट की।
श्रीराम मंदिर चढ़ावा चोरी रिपोर्ट आने से पहले हुई मुलाकात।
विपक्ष चढ़ावा चोरी प्रकरण पर सरकार को लगातार घेर रहा है।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। अयोध्या के श्रीराम मंदिर में चढ़ावा चोरी की अंतिम जांच रिपोर्ट के आने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की।
करीब 40 मिनट की मुलाकात को लेकर तमाम तरह की चर्चा है। हालांकि, मुलाकात को लेकर न तो केंद्रीय गृह मंत्रालय और न ही मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है।
इंटरनेट मीडिया एक्स पर मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने लिखा, ''आज नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार भेंट की। अमूल्य समय प्रदान करने के लिए आपका हार्दिक आभार।''
विधानसभा चुनाव को लेकर प्रदेश में बढ़ती राजनीतिक हलचल के बीच योगी ने शाह से मुलाकात की है। चूंकि श्रीराम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण में सुप्रीम कोर्ट द्वारा संबंधित ट्रस्ट और प्रदेश सरकार को नोटिस जारी किए जाने के बाद विपक्ष लगातार सरकार पर हमलावर है, इसलिए मुलाकात को काफी अहम माना जा रहा है।
गौरतलब है कि सरकार ने चढ़ावा चोरी की जांच के लिए गठित एसआईटी को बुधवार तक अंतिम जांच रिपोर्ट शासन को सौंपने की मोहलत दी है।
यह भी पढ़ें- राम मंदिर चढ़ावा चोरी: आरोपी लवकुश के निर्माणाधीन मकान पर नोटिस चस्पा, जल्द चलेगा बुलडोजर
