यूपी चुनाव के लिए BJP का महिला वोटरों पर फोकस, 20 नवंबर को सीएम योगी और तावड़े की बड़ी बैठक
भाजपा महिला मोर्चा 20 नवंबर को लखनऊ में एक प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित करेगा, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और विनोद तावड़े चुनावी रणनीति समझाएंगे।

सीएम योगी और विनोद तावड़े। (फोटो क्रेडिट- जागरण ग्राफिक्स)
HighLights
महिला मोर्चा की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला 20 नवंबर को
योगी आदित्यनाथ और विनोद तावड़े देंगे चुनावी रणनीति
विधानसभा चुनाव हेतु संगठनात्मक तैयारियों पर होगा विचार
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। विधानसभा चुनाव में महिलाओं को समर्थन हासिल करने के लिए भाजपा अब अपने महिला मोर्चा को मैदान में उतारने की तैयारी में हैं।
इसके लिए 20 नवंबर को महिला मोर्चा की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजन लखनऊ में किया जाएगा। कार्यशाला में मुख्यमंत्री याेगी आदित्यनाथ और उत्तर प्रदेश प्रभारी, राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद विनोद तावड़े चुनावी रणनीति समझाएंगे।
विधानसभा चुनाव की संगठनात्मक तैयारियों को गति देने के लिए इस प्रदेश स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है।
आयोजन में मुख्यमंत्री, प्रदेश प्रभारी के साथ प्रदेश अध्यक्ष माननीय पंकज चौधरी, प्रदेश सह प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद मेधा कुलकर्णी, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा सहित प्रदेश व क्षेत्र स्तर के सभी पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे।
कार्यशाला में विधानसभा चुनाव के लिहाज से महिला मोर्चा की संगठनात्मक तैयारियों को और प्रभावी बनाने पर विचार किया जाएगा। चुनाव में संगठन की भूमिका एवं जिम्मेदारियों की जानकारी दी जाएगी।