यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 01, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
School Chalo Abhiyan: सीएम योगी आदित्यनाथ ने शिक्षकों को दिलाई शपथ, बोले- विद्यालयों की देखभाल मंदिर की तरह करें शिक्षक
Yogi Adityanath Government 2.0 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अप्रैल माह के प्रथम सप्ताह में हम लोगों ने स्कूल ...और पढ़ें

लखनऊ, जेएनएन। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने सोमवार को सरकारी बेसिक तथा प्राइमरी स्कूल में पढ़ रहे एक करोड़ 91 लाख के अधिक बच्चों के अभिभावकों के खाते में उनकी स्कूल यूनिफार्म तथा स्टेशनरी के लिए 1200-1200 रुपया डीबीटी (DBT) के माध्यम से ट्रांफसर किया। लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में उन्होंने इस दौरान शिक्षकों को अपने कत्वर्य का बेहतर ढंग से पालन करने की शपथ भी दिलाई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि शिक्षक विद्यालयों की देखभाल मंदिर व अन्य पवित्र स्थलों की तरह करें तो किसी स्कूल की मुंडेर पर कोई पेड़ नहीं उग सकता और न ही वहां गंदगी होगी। गांव व क्षेत्र का हर बच्चा स्कूल आए ये चिंता हर शिक्षक को करनी होगी। मुख्यमंत्री सोमवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में बेसिक शिक्षा परिषद व सहायताप्राप्त विद्यालयों में पढ़ने वाले एक करोड़ 91 लाख बच्चों के अभिभावकों के खाते में 1200-1200 रुपये की धनराशि भेजते हुए कहा कि वह दौर गया जब प्राथमिक विद्यालयों में बच्चे नंगे पांव पढ़ने आते थे, अब सरकार जूता मोज़ा के साथ यूनीफार्म, स्वेटर, स्कूल बैग, कापी पेंसिल व निश्शुल्क पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध करा रही है।
उन्होंने कहा कि शिक्षकों की जिम्मेदारी है कि वे अभिभावकों से संपर्क करके उन्हें स्कूल परिधान में बच्चों को भेजने के लिए प्रेरित करें। शिक्षक तकनीक से जुड़कर बच्चों को भावनात्मक संवेदना से जोड़े। योगी ने कहा कि जिस क्षेत्र में उनका विद्यालय है उसका पूरा डाटा तैयार करें कितने सरकारी सेवक, कितने किसान, श्रमिक व समाजसेवी उनके आसपास रहते हैं ये बच्चों को बताएं। आंगनबाड़ी केंद्र पर भी और वहां की व्यवस्था देखें अपने बच्चों को कांवेंट स्कूल के बजाए प्राथमिक विद्यालयों में पढ़ने भेजें, उन्हें समाज से जोड़े वरना बच्चे त्रिशंकु हो जाएंगे और ये स्थिति बिल्कुल सही नहीं है। उन्होंने सभी का आह्वान किया कि जिस तरह स्कूलों का कायाकल्प किया है वैसे ही प्रदेश का कायाकल्प करें।
मुख्यमंत्री ने स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार से नौ विद्यालयों को सम्मानित किया। विद्यांजलि पोर्टल का शुभारंभ, आधारशिला क्रियान्वयन संदर्शिका का लोकार्पण और पांच शिक्षकों को विज्ञान व गणित की किट वितरित की। दीक्षा एप का हाल जाना और निपुण भारत की तर्ज पर निपुण प्रदेश बनाने की शपथ दिलाई।
उत्तर प्रदेश की साक्षरता दर को आगे बढ़ाने के बड़े अभियान में लगे सीएम योगी आदित्यनाथ स्कूल चलो अभियान के बेहतर परिणाम आने पर काफी प्रसन्न हैं। मुख्यमंत्री ने इसको आगे बढ़ाने के अभियान के लिए आज सभी शिक्षकों को शपथ दिलाई। इस दौरान उन्होंने कहा कि अप्रैल माह के प्रथम सप्ताह में हम लोगों ने 'स्कूल चलो अभियान' प्रारंभ किया था। मुझे प्रसन्नता है कि इस अवसर पर मुझे एक आकांक्षात्मक जनपद श्रावस्ती में जाने का अवसर प्राप्त हुआ था। 'स्कूल चलो अभियान' के अच्छे परिणाम सामने आए हैं। कोरोना संक्रमण के कारण मार्च 2020 से शिक्षा प्रभावित रही, लेकिन हमने बच्चों के लिए उस दौरान भी पठन-पाठन की व्यवस्थी की थी। उन्होंने कहा कि दूरदर्शन के जरिए पढ़ाई करवाई गई। जिससे कि बच्चों का समय बर्बाद ना हो। सभी कक्षाओं में बच्चों को प्रोन्नत किया गया, जिससे कि छात्र-छात्राएं व अभिभावक परेशान ना हों।
मुख्यमंत्री ने कहा प्रदेश के 1.91 करोड़ बच्चों को उनके यूनिफार्म, बैग, स्टेशनरी, स्वेटर आदि के लिए डीबीटी के माध्यम से धनराशि अंतरण के आज के इस कार्यक्रम के अवसर पर मैं सबसे पहले बेसिक शिक्षा परिषद को इस पूरे कार्यक्रम के लिए हृदय से धन्यवाद देता हूं। यह कार्यक्रम लगातार आगे बढ़ते रहना चाहिए। हम उत्तर प्रदेश को साक्षरता के क्षेत्र में भी नंबर एक बनाने के लिए प्रयासरत हैं। हमने प्राइमरी व बेसिक शिक्षा विभाग के सरकारी स्कूलों पर फोकस किया है। उनका लक्ष्य नींव यानी बेसिक तथा प्राइमरी स्कूलों में बच्चों की संख्या बढ़ाने का भी है। प्रदेश के सरकारी प्राथमिक स्कूलों में कक्षा एक से आठ तक में पढऩे वाले छात्र-छात्राओं के अभिभावकों को यूनिफार्म, स्कूल बैग, स्वेटर, जूता-मोजा व कापी पेंसिल का पैसा उनके अभिभावकों के खाते में भेजा गया है। अभियान में हर छात्र-छात्रा के स्वजन को इस बार 1200-1200 रुपये की धनराशि भेजी गई है।
कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय, महिला कल्याण व बाल विकास मंत्री बेबी रानी मौर्य, माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी, प्राथमिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह सहित इन सभी विभागों के अपर मुख्य सचिव व प्रमुख सचिव आदि मौजूद रहे।
- Chief Minister Office, Uttar Pradesh (@CMOfficeUP) 1 Aug 2022