यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 01, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
सोनेलाल पटेल की जयंती पर आज वाराणसी में रहेंगे योगी आदित्यनाथ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित सूबे के कई मंत्री कल वाराणसी के जगतपुर मैदान में अपना दल के संस्थापक सोनेलाल पटेल की 68वीं जयंती में शामिल होंगे।

लखनऊ (जेएनएन)। अपना दल के संस्थापक सोनेलाल पटेल की जयंती पर रविवार को वाराणसी में होने वाले कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में होने वाले कार्यक्रम को लेकर अपना दल की अध्यक्ष तथा केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने भी जोरदार तैयारी की है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित सूबे के कई मंत्री अपना दल के संस्थापक सोनेलाल पटेल की 68वीं जयंती में शामिल होंगे। आज वाराणसी के जगतपुर मैदान में आयोजित होने वाले कार्यक्रम भाजपा कार्यकर्ताओं सहित करीबन दो लाख की भीड़ जुटने की उम्मीद जताई जा रही है। यहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने 100 दिन के कार्यकाल की अहम उपलब्धियों के बारे में बताएंगे। अपना दल के नौ विधायक सरकार के कार्यकाल पर नजर रखे हुए हैं। अपना दल के संस्थापक और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल के पिता सोनेलाल पटेल के 68वें जन्म दिन के अवसर पर पार्टी शक्ति प्रदर्शन के लिए आज वाराणसी के रोहनियां में एक रैली का आयोजन कर रही है। यह पार्टी की एकता दिखाने का भी कार्यक्रम माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें: जीएसटी के लिए योगी आदित्यनाथ सरकार ने कसी कमर
अपना दल की इस रैली में भारतीय जनता पार्टी के साथ अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का भी सहयोग रहेगा। अपना दल सोनेलाल गुट की आज होने वाली जन स्वाभिमान रैली में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा भाजपा के सहयोगी दल सुहेलदेव समाज पार्टी (एसबीएसपी) के नेता और प्रदेश के मंत्री ओम प्रकाश राजभर भी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रैली के मुख्य वक्ता होंगे।
देखें तस्वीरें : योगी आदित्यनाथ ने शुरू किया स्कूल चलो अभियान
रैली में उत्तर प्रदेश के अलावा आसपास के प्रदेशों के पार्टी कार्यकर्ता भी शामिल होंगे। पिछले वर्ष के कार्यक्रम में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह आये थे और उन्होंने रैली को संबोधित किया था। पार्टी कार्यकर्ता और डा सोनेलाल के समर्थक उत्तर प्रदेश के अलावा बिहार, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश से भी रैली में शामिल होने आयेंगे।
