सीएम योगी आदित्यनाथ की पुलिसकर्मियों को सीख, प्रशिक्षण में अधिक पसीना बहाएं तो कम बहाना पड़ेगा खून
UP Police : सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रशिक्षण पूर्ण कर दीक्षांत समारोह का हिस्सा बनने वाली महिला आरक्षियों को बधाई ...और पढ़ें

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लखनऊ पुलिस लाइन में दीक्षांत परेड को संबोधित किया
HighLights
बेटियों ने पुलिस ट्रेनिंग में दिया मजबूती, तत्परता, समर्पण व अनुशासन का परिचय: मुख्यमंत्री
60,244 आरक्षी नागरिक पुलिस सीधी भर्ती की दीक्षांत परेड
मुख्यमंत्री के समक्ष 2025 बैच के आरक्षियों का दीक्षांत परेड समारोह
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लखनऊ पुलिस लाइन में 60,244 आरक्षी नागरिक पुलिस सीधी भर्ती के अंतर्गत वर्ष 2025 बैच के पुलिस आरक्षियों की दीक्षांत परेड की सलामी ली। उन्होंने सभी आरक्षियों का हौसला बढ़ाने के साथ उनके दीक्षा समारोह को संबोधित किया।
मुख्यमंत्री ने महिला आरक्षियों को जमकर सराहा और कहा कि आरक्षी प्रशिक्षण के दौरान बेटियों ने जिस मजबूती, तत्परता, समर्पण व अनुशासन का परिचय दिया है, वह काफी सराहनीय है। अनुशासन व टीमवर्क का उत्कृष्ट भाव सबसे बड़ी ताकत है। इन सबको समाहित करते हुए देश के लिए सर्वोत्कृष्ट योगदान देने की भावना वर्दीधारी बल का सबसे महत्वपूर्ण अंग होती है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण में जितना पसीना बहेगा, बाद के जीवन में उतना ही कम खून बहाने की नौबत आती है।
कानून अपराधी के लिए कठोर हो
सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रशिक्षण पूर्ण कर दीक्षांत समारोह का हिस्सा बनने वाली महिला आरक्षियों को बधाई दी और कहा कि सभी ने लगन व अनुशासन के साथ कठोर प्रशिक्षण प्राप्त किया है। अब आप सबको जनपदों की फील्ड ड्यूटी में जाना है। याद रखिए, कानून अपराधी के लिए जितना कठोर हो, नागरिकों के प्रति उतना ही संवेदनशील होना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी आरक्षी प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान, कौशल व मूल्यों का उपयोग करते हुए निष्ठा, ईमानदारी व कर्तव्य परायणता से यूपी पुलिस की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाएंगे।
सीएम के हाथों पुरस्कार पाकर बढ़ा हौसला
दीक्षांत परेड में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों पुरस्कार पाकर आरक्षियों का हौसला भी बढ़ा। महिला आरक्षी नेहा यादव को तीन, सोनम को दो व रिया सिंह कुशवाहा को एक पुरस्कार प्रदान किया गया। पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को स्मृति चिह्न प्रदान किया। डीजीपी ने दीक्षांत परेड में आरक्षियों को शपथ भी दिलाई।
- परेड कमांडर प्रथम- महिला रिक्रूट आरक्षी नेहा यादव
- परेड कमांडर द्वितीय- महिला रिक्रूट आरक्षी रिया सिंह कुशवाहा
- परेड कमांडर तृतीय- महिला रिक्रूट आरक्षी कुमारी सोनम
- अंतः विषय टॉपर (समग्र कोर्स)- कुमारी नेहा यादव
- वाह्य विषय टॉपर (समग्र कोर्स)- कुमारी सोनम
- सर्वांग सर्वोत्तम पुरस्कार- कुमारी नेहा यादव
2019-20 से चल रहा ‘मिशन शक्ति’
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2019-20 से अनवरत मिशन शक्ति के अंतर्गत महिला सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन के लिए कार्यक्रम बढ़ रहे हैं। हर थाने में मिशन शक्ति केंद्र बने हैं। तीन महिला पीएसी बटालियनों (लखनऊ में वीरांगना ऊदा देवी, गोरखपुर में झलकारी बाई कोरी व बदायूं में अवंती बाई लोधी) का गठन किया गया है। तीन अन्य नई बटालियन के गठन की प्रक्रिया को बढ़ाया गया है। 17 नगर निगम व गौतमबुद्ध नगर में सेफ सिटी परियोजना को लागू किया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।