Move to Jagran APP

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, सपा, बसपा व कांग्रेस ने की बुद्ध के वंशजों की उपेक्षा

लखनऊ के विश्वेश्रैया हाल में आज मौर्य, कुशवाहा, शाक्य व सैनी वर्ग के सम्मेलन में सीएम योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी व बसपा के साथ ही कांग्रेस को भी निशाने पर रखा।

By Dharmendra PandeyEdited By: Published: Mon, 24 Sep 2018 07:53 PM (IST)Updated: Tue, 25 Sep 2018 07:54 AM (IST)
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, सपा, बसपा व कांग्रेस ने की बुद्ध के वंशजों की उपेक्षा
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, सपा, बसपा व कांग्रेस ने की बुद्ध के वंशजों की उपेक्षा

लखनऊ (जेएनएन)। भारतीय जनता पार्टी ने मिशन 2019 के तहत प्रदेश में पिछड़ा वर्ग सम्मेलनों को गति प्रदान कर दी है। इसके समापन की ओर बढऩे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ ही इसके संयोजक डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के तेवर तीखे हो जा रहे हैं।

loksabha election banner

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मौर्य, शाक्य, सैनी और कुशवाहा समाज को संबोधित करते हुए कहा कि आप लोग भगवान बुद्ध के वंशज हैं। बुद्ध को दुनिया के दर्जन भर से ज्यादा देश मानते हैं लेकिन, कांग्रेस, सपा और बसपा ने बुद्ध के वंशजों को उपेक्षित किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत में एक बार फिर स्वर्ण युग की शुरुआत हुई है। बुद्ध दुनिया की ताकतों को भारत से जोडऩे के माध्यम हैं। कोई भी व्यक्ति या जाति तभी मजबूत होगी जब देश मजबूत होगा। अगर देश मजबूत नहीं हुआ तो जाति और व्यक्ति भी कमजोर होंगे। 

मुख्यमंत्री पीडब्लूडी के विश्वेश्वरैया सभागार में भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के सामाजिक प्रतिनिधि सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आप महान सम्राट अशोक की उस महान परंपरा के अनुयायी हैं, जिनके कालखंड में भारत में स्वर्ण युग की शुरुआत हुई थी। 2014 में लोकसभा चुनाव के परिणाम के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत का पूरे विश्व में सम्मान बढ़ा। विश्व की तीन प्रगतिशील अर्थव्यवस्था वाले देशों में भारत का नाम शामिल होना गौरव की बात है। आज कुछ लोग भ्रम का वातावरण बनाकर देश में अस्थिरता का माहौल बनाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में पहली बार देश की सीमाएं सुरक्षित हुईं, नक्सलवाद, माओवाद और आतंकवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई हुई। योगी ने आयुष्मान भारत समेत कई योजनाएं और उनके फायदे गिनाए। 

सपा, बसपा और कांग्रेस नहीं कर सकती गरीबों का भला : केशव

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सपा, बसपा और कांग्रेस पर हमलावर रहे। उन्होंने कहा कि यह तीनों पार्टियां गरीबों का भला नहीं कर सकतीं। अब भी मायावती और अखिलेश यादव को मजबूत नहीं, मजबूर प्रधानमंत्री चाहिए। बुआ-भतीजे कांग्रेस से मिलकर मोदी को प्रधानमंत्री बनने से रोकने के लिए कुचक्र कर रहे हैं। देश में वोट बेचकर नोट एकत्र करने वाली मायावती दलितों और गरीबों का भला नहीं कर सकती और न ही जाति-धर्म के आधार पर सत्ता का राजनीतिकरण करने वाली समाजवादी पार्टी। केशव ने नरेंद्र मोदी और योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में पिछड़ों के उत्थान का ब्योरा देते हुए कहा कि जितने पिछड़े मंत्री इस सरकार में बने, उतने अब तक नहीं बने थे। उन्होंने कहा कि अखिलेश सत्ता में नहीं होते तो 2014 में कन्नौज, फीरोजाबाद, बदायूं और मैनपुरी की सीटें भी भाजपा जीतती। कोई भी एक जाति अकेले सत्ता परिवर्तन नहीं कर सकती, जब सब मिलते हैं तब सत्ता बदलती है। उन्होंने उप्र की सभी 80 सीटों पर मोदी को जीत दिलाने का आह्वान किया। 

श्रम मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि मायावती का राजनीतिक आसन मुझसे ज्यादा कोई नहीं जानता है। लोकसभा चुनाव से पहले ही उनका गठबंधन धराशायी हो जाएगा। संचालन भाजपा के प्रदेश मंत्री अमरपाल मौर्य ने किया। सम्मेलन को वन मंत्री दारा सिंह चौहान, आयुष मंत्री धर्म सिंह सैनी, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जसवंत सिंह सैनी, पिछड़ा वर्ग कल्याण निगम के चेयरमैन बाबूराम निषाद, सांसद राजेश वर्मा, समाज कल्याण निगम के अध्यक्ष बीएल वर्मा, हरगोविंद कुशवाहा, सत्यपाल सैनी, पूर्व विधायक हरपाल सैनी समेत कई प्रमुख लोगों ने संबोधित किया। 

केशव के सीएम न बन पाने की समाज की टीस उभरी 

विधानसभा चुनाव केशव प्रसाद मौर्य की अगुवाई में लड़ा गया लेकिन, वह मुख्यमंत्री नहीं बन पाये। मौर्य-शाक्य, सैनी-कुशवाहा समाज के सम्मेलन में यह टीस उभर आई। श्रम मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने बहुत ही जोशीले अंदाज में सपा, बसपा और कांग्रेस पर हमला बोला और अपने समाज के सम्मान की बात उठाई। स्वामी करीब 45 मिनट तक बोले। उन्होंने भाजपा की सराहना की और कहा, मैं 1997 में पहली बार मंत्री बना था। भाजपा ने समाज से उप मुख्यमंत्री बनाया है और कल को आपके समाज से सीएम भी मिल सकता है क्योंकि राजनीति में संभावनाएं हमेशा बनी रहती है।

दरअसल, स्वामी से पहले ही सलेमपुर से भाजपा सांसद रवींद्र कुशवाहा ने कहा कि आप मजबूती से अपने नेता के पीछे खड़े होंगे तो आज नहीं तो कल उत्तर प्रदेश का नेतृत्व हमारे हाथ में रहेगा। हालांकि केशव प्रसाद मौर्य ने अपने संबोधन में भाजपा के प्रति कृतज्ञता दिखाई और कहा, भाजपा ने हमारे समाज को बहुत कुछ दिया है। मैं भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष रहा, मुझे उप मुख्यमंत्री और हमारे समाज से दो और मंत्री बनाया। एक दर्जा राज्यमंत्री हैं जबकि 18 विधायक और दो सांसद भी हमारे समाज के हैं। सम्मेलन में केशव और स्वामी प्रसाद के जिंदाबाद के नारे गूंजते रहे। भीड़ अपेक्षा से अधिक आयी थी। स्वामी ने कहा कि इस कोठरी में हम अपने समाज की ताकत नहीं दिखा सकते। केशव ने कहा, अभी तो यह ट्रेलर है। पूरी फिल्म आनी अभी बाकी है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.