विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखनऊ में मॉकड्रिल में पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ, बोले- कोई भी विपत्ति तिथि देकर नहीं आती, तैयारी बेहद जरूरी

Published: Sun, 22 Nov 2026 08:00 PM (IST)

Mockdrill in Lucknow: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ पुलिस लाइन में आयोजित मॉकड्रिल के दौरान आपदा प्रबंधन और आपातकालीन तैयारियों को लेकर अहम बात कही।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ पुलिस लाइन में मॉकड्रिल अभ्यास को देखा

सीएम योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ पुलिस लाइन में मॉकड्रिल अभ्यास को देखा 

HighLights

  1. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आपदा प्रबंधन की तैयारियों पर दिया जोर

  2. आपदा पर पुलिस, SDRF, NDRF, PAC और सिविल डिफेंस की टीमें निभाती हैं जिम्मेदारी

  3. 60 जिलों में गठित नागरिक सुरक्षा संगठन से जुड़े 1.01 लाख स्वयंसेवक

  4. आपदा से निपटने के लिए हर जिले में होगी मॉकड्रिल, तैयार होंगे प्रशिक्षित स्वयंसेवक

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के 75 जिलों में रविवार देर शाम को नागरिक सुरक्षा विभाग ने एयर रेड ब्लैकआउट मॉकड्रिल अभ्यास किया। यह अभ्यास युद्ध और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए किया जा रहा है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ पुलिस लाइन में मॉकड्रिल अभ्यास को देखा और भाग ले रहे जांबाजों को संबोधित किया।

लखनऊ पुलिस लाइन में मॉकड्रिल के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आपदा प्रबंधन की तैयारियों पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी संकट के आने से पहले उससे निपटने की तैयारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि विपत्ति कभी तिथि बताकर नहीं आती, इसलिए हर परिस्थिति से निपटने के लिए पहले से तैयार रहना जरूरी है। मुसीबत के समय सभी को एकजुट होकर उसका सामना करना होता है।

मुख्यमंत्री ने कहाकि प्रदेश के 60 जिलों में नागरिक सुरक्षा संगठन गठित हो चुका है। इनमें जिलाधिकारी नियंत्रक के रूप में कार्य कर रहे हैं। संगठन से 1,01,362 स्वयंसेवक जुड़ चुके हैं, जबकि 1,08,627 नागरिकों, स्कूली विद्यार्थियों, एनसीसी-एनएसएस कैडेट्स और होमगार्ड जवानों को प्रशिक्षित किया जा चुका है। सभी 60 जिलों में आपात परिस्थितियों के लिए हेड सायरन भी पहुंचाए जा चुके हैं। इसके साथ ही प्रत्येक जनपद में हेड सायरन की व्यवस्था भी मौजूद है। आज सभी जनपदों में मॉकड्रिल का आयोजन किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में तैयारियों को परखना है।

संकट आने से पहले तैयारी जरूरी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश का हर जिला आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार रहना चाहिए। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जब संकट आता है, तब कुआं नहीं खोदा जाता। प्यास लगने से पहले ही उसकी तैयारी करनी होती है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने यह भी स्पष्ट किया कि मॉकड्रिल का मकसद केवल अभ्यास करना नहीं, बल्कि आपदा के समय राहत और बचाव कार्यों को तेजी से संचालित करने की क्षमता विकसित करना भी है। नागरिक सुरक्षा का अर्थ है कि संकट की घड़ी में किसी को अकेला न छोड़ा जाए। जब कोई आपदा आए, दुर्घटना हो या राष्ट्र पर कोई विपत्ति आए, तो ऐसी परिस्थितियों में हम एक नागरिक के रूप में किंकर्तव्यविमूढ़ नहीं रह सकते। प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए।

मॉकड्रिल से तैयारियों की होगी परीक्षा

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि किसी भी आपदा से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सही ट्रेनिंग और अनुशासन बेहद जरूरी है। आज का मॉकड्रिल हमारी तैयारियों की परीक्षा है। इससे पता चलता है कि हमारी व्यवस्था कितनी तत्पर है और किन क्षेत्रों में अभी और सुधार की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जब भी प्रदेश में कोई आपदा आती है तो पुलिस, SDRF, NDRF, PAC और सिविल डिफेंस की टीमें सामने आकर जिम्मेदारी निभाती हैं।

जागरूक नागरिक First Responder भूमिका का करें निर्वहन

उन्होंने कहा कि आज के समय की आवश्यकता है कि हर नागरिक को जागरूक किया जाए और संकट की परिस्थिति में स्वयं भी सजग एवं सतर्क रहा जाए। जो राष्ट्र इस प्रकार जागरूक और सतर्क रहेगा, वह किसी भी आपदा से उतनी ही तत्परता और प्रभावी ढंग से निपटने में सफल होगा। आपदा की परिस्थिति में एक जागरूक नागरिक First Responder के रूप में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन कर सकता है। हमें याद रखना होगा कि First Responder वही बन सकता है, जिसने उचित प्रशिक्षण प्राप्त किया हो और जो साहस एवं अनुशासन के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए तत्पर हो।

भारत-चीन युद्ध के बाद नागरिक सुरक्षा संगठन का गठन

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 1962 में भारत-चीन युद्ध के बाद नागरिक सुरक्षा संगठन का गठन हुआ था, लेकिन 2017 तक यह प्रदेश के कुछ ही जिलों तक सीमित था। उन्होंने कहा कि बाढ़, भूकंप, आग लगने, आतंकी घटनाओं और युद्ध जैसी परिस्थितियों से निपटने के लिए अलग-अलग माक ड्रिल होनी चाहिए। इसमें नागरिक सुरक्षा के साथ एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, यूपी पुलिस, पीएसी और होमगार्ड के जवानों को भी नियमित प्रशिक्षण दिया जाए। भारतीय सेना की गोरखा राइफल्स के अधिकारियों ने नागरिक सुरक्षा के मास्टर ट्रेनर्स को प्रशिक्षित किया है।

मुख्यमंत्री ने कहाकि नागरिक सुरक्षा का अर्थ संकट की घड़ी में किसी नागरिक को अकेला न छोड़ना है। एक लाख से अधिक स्वयंसेवक समाज के लिए सुरक्षा की अतिरिक्त दीवार हैं। इस दौरान कैबिनेट मंत्री धर्मवीर प्रजापति, महापौर सुषमा खर्कवाल, डीजीपी राजीव कृष्णा, अपर मुख्य सचिव गृह संजय प्रसाद और प्रमुख सचिव नागरिक सुरक्षा संयुक्ता समद्दार, सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।