Move to Jagran APP

रायबरेली में बोले सीएम योगी आदित्यनाथ, सपा सरकार में चाचा और भतीजे की गैंग करती थी वसूली

UP Assembly Election 2022 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को रायबरेली पहुंचे। उन्होंने कई दिग्गज नेताओं की उपस्थिति में विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने अखिलेश यादव पर बड़ा हमला बोला।

By Vikas MishraEdited By: Published: Fri, 31 Dec 2021 03:46 PM (IST)Updated: Sat, 01 Jan 2022 04:32 PM (IST)
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को रायबरेली पहुंचे।

लखनऊ, जेएनएन। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को रायबरेली में कई दिग्गज नेताओं की उपस्थिति में विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने अखिलेश यादव पर बड़ा हमला बोला। कहा, 2017 के पहले प्रदेश में नौकरी नहीं थी। समाजवादी पार्टी की सरकार में चाचा और भतीजे की गैंग वसूली पर निकल पड़ता था। वसूली के साथ सभी भर्तियां विवादित होती थीं। योगी आदित्यनाथ ने बसपा और कांग्रेस को कठघरे में लिया। बोले- कांग्रेस ने सदैव देश के साथ कुठाराघात किया है। देश के अंदर आतंकवाद की जड़ और भाषाई दंगा कराने की अगर कोई जड़ है तो वह कांग्रेस ही है। समाजवादी पार्टी, कांग्रेस हो या बहुजन समाज पार्टी, भ्रष्टाचार इनके जीन्स का हिस्सा बन गया है। भ्रष्टाचार के बगैर इनका काम ही नहीं चलता, विकास इनकी सोच के दायरे से बाहर है। 

loksabha election banner

मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को आइटीआइ परिसर स्थित स्टेडियम में जन विश्वास यात्रा के समापन पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस विभिन्न तरह के दंगे कराने की दोषी है। उसने प्रभु श्रीराम के अस्तित्व को काल्पनिक बताने का अपराध किया। यह महान स्वतंत्रता सेनानी राना बेनी माधव की धरती है, वीरा पासी को भला कौन नहीं जानता, जिन्होंने अंग्रेजों के दांत खट्टे कर दिए थे। इसके बावजूद न जाने कौन सी ऐसी परिस्थिति थी, जो यहां के लोग कांग्रेस को गले लगाए रहे। अब यहां के जनप्रतिनिधि उसे उखाड़ फेंकने में सहभागी बनेंगे। कांग्रेस विधायक आदिति सिंह पहले जबकि अब राकेश सिंह विकासपरक नीतियों के चलते भाजपा में शामिल हुए। 

योगी ने कहा कि 2017 के पहले और उसके बाद का उत्तर प्रदेश सबके सामने है। पहले सरकार के पास धन बहुत रहता था, लेकिन वह सत्तादल के नेताओं के घरों में जाता था। अब केंद्र व प्रदेश सरकार विकास की दिशा में नित नए सोपान गढ़ रही है। अब तक 43 लाख गरीबों को आवास उपलब्ध करा चुके हैं। दो करोड़ 61 लाख शौचालय बनवाए गए हैं। समाजवादी इत्र की बात करने वाले भ्रष्टाचार की बदबू फैलाते थे। भ्रष्टाचार सपा, कांग्रेस के जींस का हिस्सा बन गया था। पर्व और त्योहार के पहले दंगे होते थे। दंगा करने वाले अब साहस नहीं कर पाते। वे जानते हैं कि इस कृत्य का खामियाजा उनकी सात पीढिय़ां भुगतेंगी।

बुआ और बबुआ को जनहित के कार्याें के लिए फुर्सत ही नहीं थी। नौकरियां निकलने के बाद चाचा-भतीजा वसूली करने निकल पड़ते थे। योगी ने कहा कि सपा के बारे में सभ्य व्यक्ति कहता है, जिस गाड़ी में सपा का झंडा समझो बैठा है कोई पेशेवर गुंडा। उन्होंने कहा कि इन्हीं लोगों ने कानपुर में दंगा भड़काने का काम किया। हमने विकास किया, सुरक्षा भी दी और आस्था का सम्मान भी किया। सीएम ने सभा में मौजूद भीड़ से सवाल किया कि क्या कांग्रेस या सपा या फिर बहन जी अयोध्या में मंदिर बनवा पाते, जवाब मिला नहीं।

पीएम दो करोड़ 54 लाख किसानों को देंगे सम्मान निधिः मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब देश में नंबर एक प्रदेश बनने के लिए अग्रसर है। पहले किसान बदहाल था। 2017 में हमारी सरकार बनी तो सबसे पहले 86 लाख किसानों का 36 हजार करोड़ रुपये कर्ज माफ किया। पीएम सम्मान निधि दी जा रही है। प्रदेश के दो करोड़ 54 लाख किसानों को शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सम्मान निधि प्रदान करेंगे। तीन जनवरी को साढ़े चार करोड़ श्रमिकों व पांच जनवरी को एक करोड़ महिलाओं, विधवाओं व दिव्यांगों के खाते में एक-एक हजार रुपये दिए जाएंगे। आशा बहुओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय भी बढ़ेगा।

नियमों का पालन करें, घबराएं नहीं, सरकार आपके साथः सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में कोरोना काल में बेहतरीन प्रबंधन प्रदेश में किया गया। फ्री जांच, इलाज और वैक्सीन लग रही। राशन दिया जा रहा। वैक्सीन कोरोना से बचाव का कवच है। तीसरी लहर की चर्चा है। घबराने की जरूरत नहीं है। नियमों का पालन करें कोरोना बाल भी बांका नहीं कर पाएगा, क्योंकि सरकार आपके साथ है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.