Move to Jagran APP

सीएम योगी ने लांच किया आकांक्षा पेटी, बोले- जनता दे सुझाव, यूपी को नंबर एक बनाना हमारा संकल्प

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा जनता के सुझावों पर अपना संकल्प पत्र (घोषणा पत्र) तैयार करेगी। इसके लिए यूपी नंबर 1 सुझाव आपका संकल्प हमारा अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान का शुभारंभ बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान से किया।

By Umesh TiwariEdited By: Published: Wed, 15 Dec 2021 11:15 AM (IST)Updated: Fri, 17 Dec 2021 07:41 AM (IST)
सीएम योगी ने लांच किया आकांक्षा पेटी, बोले- जनता दे सुझाव, यूपी को नंबर एक बनाना हमारा संकल्प
भाजपा संकल्प पत्र अभियान का शुभारंभ बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान से करेंगे।

लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के लिए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) जनता के सुझावों पर अपना संकल्प पत्र (घोषणा पत्र) तैयार करेगी। इसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी के 'यूपी नंहर 1 : सुझाव आपका, संकल्प हमारा' अभियान का शुभारंभ किया। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में सीएम योगी ने पिछली और वर्तमान सरकार का फर्क विभिन्न उदाहरणों से समझाया। उन्होंने कहा कि कहा कि पिछली सरकारों में आतंकियों के मुकदमे वापस लिए जाते थे, आज माफिया पर कार्रवाई की जाती है।

loksabha election banner

सीएम योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि पहले की सरकार में आतंकियों के मुकदमे वापस होते थे, उन्हें सुरक्षा दी जाती थी। आज वही माफिया मारे-मारे फिर रहे हैं। पहले नौकरी निकलते ही महाभारत काल दिखने लगता था। एक ही परिवार के चाचा-भतीजा, काका, मामा सभी वसूली के लिए निकल पड़ते थे। नियुक्तियों में जातिवाद-भाई भतीजावाद खूब होता था। वर्ष 2015 की सपा सरकार में डिप्टी कलेक्टर का रिजल्ट निकला तो 86 में से 56 अभ्यर्थी एक विशेष जाति के आ जाते हैं। प्रदेश वही है, संसाधन वहीं हैं केवल सरकार बदली है। जनता के बहुमूल्य सुझावों की मदद से यूपी को नंबर-1 बनाना ही हमारा संकल्प है।

इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में बुधवार को सीएम योगी आदित्यनाथ ने यूपी नंबर-1 अभियान में सुझाव आपका संकल्प हमारा कार्यक्रम में आकांक्षा पेटी लांच किया। विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा प्रदेश के गांव व शहरी क्षेत्रों में आकांक्षा पेटी रखेगी। जनता से आने वाले सुझावों से संकल्प पत्र तैयार किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने 2017 के चुनाव से पहले जो संकल्प पत्र जारी किया था, सरकार बनने पर सभी संकल्पों को जीवन का व्रत मानकर पूरा किया। अब 2022 के लिए सुझाव आपका संकल्प हमारा के साथ हम फिर आए हैं। यह पहली सरकार है, जिसने पहले 100 दिन, फिर छह महीने, एक वर्ष, दो वर्ष, तीन वर्ष, चार वर्ष और फिर साढ़े चार वर्ष में अपना रिपोर्ट जारी किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमारी सरकार में एक करोड़ 71 लाख नौजवानों को रोजगार मिला है। प्रदेश में बड़े निवेश के कारण ढेर सारे रोजगार के रास्ते खुल चुके हैं। जहां विकास का कोई काम नहीं होता था वही प्रदेश सबसे ज्यादा एक्सप्रेस वे बना रहा है। मेडिकल कालेज बना रहा है। हमने पुलिस, शिक्षक सभी तरह की नियुक्ति की लेकिन कोई विवाद नहीं हुआ। जब सोच ईमानदार होती है तो काम भी दमदार होता है।

उन्होंने कहा कि पहले आस्था के प्रतीकों का अपमान होता था। गोकशी होती थी, दंगे होते थे। हमारी सरकार आई तो अवैध स्लाटर हाउस बंद किए। लगभग सात लाख गायों का संरक्षण किया। गन्ना किसानों के 10 वर्ष पुराने बकाए का भुगतान कराया। बंद चीनी मिलें शुरू कराईं। पहले मां-बाप अपनी बेटी की सुरक्षा को लेकर चिंतित रहते थे। 2017 के बाद प्रदेश की हर बेटी सुरक्षित है।

Koo App

प्रिय प्रदेशवासियों, हमें उत्तर प्रदेश को देश का अग्रणी राज्य बनाना है। इस दृष्टि से आपके सुझाव हमारे संकल्प का आधार बनेंगे। हम आप सभी को आश्वस्त करते हैं कि भाजपा आपको बेहतर सुरक्षा का वातावरण देने के साथ ही प्रदेश को बेहतर विकास की ओर उन्मुख करेगी।

- Yogi Adityanath (@myogiadityanath) 15 Dec 2021

Koo App

हमारा संकल्प व्यक्ति के लिए नहीं, लोक कल्याण के लिए और राष्ट्र कल्याण के लिए है। आज से आरंभ हो रहे ’यूपी नं. 1- सुझाव आपका, संकल्प हमारा’ अभियान के साथ आप सभी जुड़िए तथा अपने सुझाव दीजिए। इस पूरे अभियान के प्रति मेरी शुभकामनाएं!

- Yogi Adityanath (@myogiadityanath) 15 Dec 2021

परिवारवाद की राजनीति नहीं करती भाजपा : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि सपा व दूसरे दलों की तरह भाजपा जातिवाद, वंशवाद और परिवारवाद की राजनीति नहीं करती है। प्रदेश की जनता ने 15 साल तक भ्रष्टाचार और गुंडाराज देखा है। भाजपा ने 2017 में जो संकल्प लिया था, सत्ता में आने के बाद उसे पूरा किया। विपक्ष को शिलान्यास और उद्घाटन से कष्ट नहीं है, उसे कष्ट समाज में अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की खुशहाली से है। उन्होंने लोगों से आकांक्षा पेटी में अधिक से अधिक सुझाव डालने की अपील की।

30 हजार स्थानों पर रखी जाएंगी आकांक्षा पेटियां : भाजपा की संकल्प पत्र समिति के अध्यक्ष व वित्तमंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि जन आकांक्षाओं को पार्टी अपने संकल्प पत्र का हिस्सा बनाने के लिए आकांक्षा पेटी प्रदेश के 30 हजार स्थानों पर रखी जाएगी। सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में अलग कार्यक्रम कर पार्टी के पदाधिकारी इसे लांच कर जनता के बीच ले जाएंगे। सभी वर्गों के लोगों से सुझाव लेकर संकल्प पत्र बनाया जाएगा।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.