विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सीएम योगी आदित्यनाथ ने युवाओं में वितरित किया टैबलेट, बोले-आपके अंदर बजरंग बली की ताकत, हम करा रहे अहसास

Published: Sun, 15 Nov 2026 02:21 PM (IST)

CM Yogi Adityanath: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर कहा कि भारत का इतिहास युवाओं के शौर्य पराक्रम से भरा है। आज का दिन महत्वपूर्ण है।

राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 

HighLights

  1. लखनऊ में जनजातीय गौरव दिवस पर 25 लाख टैबलेट वितरण कार्यक्रम का उद्घाटन

  2. स्वामी विवेकानंद भारत के हर युवा के आध्यात्मिक आइकॉन : योगी आदित्यनाथ

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लखनऊ में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर 25 लाख टैबलेट वितरण कार्यक्रम का उद्घाटन किया। राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल पर आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने युवाओं में जोश भरा और कहा कि आपके अंदर बजरंगबली की ताकत है, समय आने पर हम आपको उसका अहसास करा देंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर कहा कि भारत का इतिहास युवाओं के शौर्य पराक्रम से भरा है। आज का दिन महत्वपूर्ण है। आज भगवान बिरसा मुंडा की पावन जयंती का दिन है। मात्र 25 वर्ष की उम्र में भगवान बिरसा मुंडा ने ब्रिटिश हुकूमत की चूलें हिला दी थीं।

उस समय देश गुलाम था। तब विश्वविद्यालय और महाविद्यालय का जाल नही था, लेकिन ब्रिटिश हुकूमत की क्रूरता के खिलाफ यातनाओं के खिलाफ भारत के अनेक क्रांतिकारी खड़े हुए। उनमें से एक महान स्वाधीनता संग्राम सेनानी हुए भगवान बिरसा मुंडा। आज उनकी जयंती है,उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब हम युवा शक्ति की बात करते हैं तो 15 वर्ष से 35 वर्ष तक कि उम्र का व्यक्ति युवा कहा जाता है। आप में से सभी युवा हैं, ये युवा उत्साह है। भारत का इतिहास युवाओ के शौर्य पराक्रम से भरा पड़ा है।

आज का दिन अत्यंत महत्वपूर्ण है। 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की पावन जयंती है। उन्होंने मातृभूमि के सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के लिए जिस संघर्ष को आगे बढ़ाया था, उसी के परिणामस्वरूप आज हम सब भारतीय स्वाधीनता के इस युग में नए भारत के निर्माण के संकल्प को आगे बढ़ा रहे हैं।

युवाओं को कराया ताकत का अहसास

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं से कहा कि आपके अंदर बजरंगबली की ताकत है। बजरंगबली को उनकी ताकत का एहसास कराना पड़ता था। आपको आपकी ताकत का एहसास करवाना है। भारत सबसे युवा राष्ट्र है। हमारी 56 फीसदी आबादी युवा है। भारत में उत्तर प्रदेश सबसे युवा प्रदेश है। उत्तर प्रदेश की 55 से 60 फीसदी आबादी युवा है।

स्वामी विवेकानंद भारत के हर युवा के आध्यात्मिक आइकॉन

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्वामी विवेकानंद भारत के हर युवा के आध्यात्मिक आइकॉन हैं। उन्होंने वैश्विक मंच पर कहा था। जब भारत पर प्रश्न उठ रहे थे, तब भारत के नौजवानों से कहा था कि "गर्व से कहो हम हिंदू हैं। इसी कारण जब हमने युवाओं के डिजिटल सशक्तिकरण अभियान को आगे बढ़ाया तो हमने इस कार्यक्रम को स्वामी विवेकानंद के नाम पर ही समर्पित किया।

IIM लखनऊ के माध्यम से हमने इसका सर्वे कराया

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2022 व 2023 में भी आंशिक रूप से ऑनलाइन परीक्षाओं में हमारे युवाओं ने वितरित किए गए टैबलेट और स्मार्टफोन का उपयोग किया था। IIM लखनऊ के माध्यम से हमने इसका सर्वे कराया था, जिसमें यह पाया गया कि टैबलेट और स्मार्टफोन के उपयोग के सकारात्मक परिणाम प्राप्त हुए थे। स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के अंतर्गत पहले चरण में हमने 60 लाख छात्र-छात्राओं को टैबलेट और स्मार्टफोन वितरित किए थे। मुझे प्रसन्नता है कि आज हम 25 लाख युवाओं के लिए टैबलेट वितरण अभियान का शुभारंभ कर रहे हैं।

टैबलेट वितरण के इस कार्यक्रम में लखनऊ मंडल के चार जनपदों के 53,000 से अधिक छात्र-छात्राएं पहुंचे। मुख्यमंत्री ने स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के अंतर्गत टैबलेट वितरण के लिए आयोजित इस कार्यक्रम में उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन भी किया। उन्होंने कहा कि जो टैबलेट आपके हाथों में आया है, यह आपका Future Secure करने की एक कुंजी है। आज हम सब युवा शक्ति के प्रतीक अपने छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरण के द्वितीय चरण के अभियान से जोड़ रहे हैं।

यह भी पढ़ें- ओडीओपी की तर्ज पर अब 'वन डिस्ट्रिक्ट-वन आर्ट' को बढ़ावा देगी यूपी सरकार: सीएम योगी

यह भी पढ़ें- अब यूपी के स्कूलों में पढ़ाई जाएगी वीरों की शौर्य गाथा, बच्चों तक पहुंचेगा सैनिकों के बलिदान का इतिहास

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।