त्याग और समर्पण की भावना से गांधी जी के सपनों को करेंगे साकार : राम नाईक
महात्मा गांधी की पुण्य तिथि पर राज्यपाल राम नाईक और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके प्रिय भजनों को सुना।
लखनऊ, जेएनएन। महात्मा गांधी की पुण्य तिथि पर बुधवार को हजरतगंज स्थित गांधी प्रतिमा स्थल पर पुष्पांजलि समारोह का आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश गांधी स्मारक निधि की ओर से आयोजित सर्वधर्म सभा में राज्यपाल राम नाईक और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गांधी जी के प्रिय भजनों को सुना और अपनी श्रद्धांजलि भी अर्पित की। उनके साथ सांसद अशोक बाजपेई और मेयर संयुक्ता भाटिया ने भी महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प चढ़ाए।
राज्यपाल ने कहा कि महात्मा गांधी से प्रेरणा प्राप्त कर हमें स्वच्छता, ग्रा य विकास, स्वदेशी को आगे बढ़ाने का संकल्प लेना चाहिए। महात्मा गांधी ने ऐसे समाज की कल्पना की थी जिसमें हर व्यक्ति समृद्ध हो। कहीं भी भ्रष्टाचार न हो और देश स्वावलंबी बने। उनके सपनों को साकार करने के लिये त्याग और समर्पण की भावना से कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि यह संयोग है कि आज विश्व कुष्ठ निवारण दिवस भी है। राज्यपाल ने कहा कि राज्य सरकार ने 3,791 कुष्ठ पीडि़तों को मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत पक्के आवास देने का निर्णय किया है। जिस पर 46 करोड़ रुपये का व्यय आएगा। उन्होंने कहा कि दो वर्ष पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उनके सुझाव पर कुष्ठ पीड़ितों को 2500 रुपये का निर्वहन भत्ता देने का निर्णय लिया था।
उधर महात्मा गांधी विचार मंच ने पुण्य तिथि को शहीद दिवस के रूप में मनाया। हजरतगंज स्थित गांधी प्रतिमा स्थल पर श्रद्धांजलि दी गई। मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष दीना भाई ने कहा कि महात्मा गांधी की अहिंसा की विचारधारा आज भी प्रासंगिक है। उनकी विचारधारा को अपना कर ही विश्व में शांति स्थापित की जा सकती है। इस मौके पर सैयद मुईद अहमद, परमानंद सिंह, कमलेश्वर नाथ, कुबेर भंडारी, कृष्णानंद राय, मोहम्मद लतीफ, जावेद जाफरी, सलीम बाक्सर, आनंद तिवारी, रमेश कनौजिया मुख्य रूप से मौजूद रहे। राष्ट्रीय सामाजिक कार्यकर्ता संगठन ने गांधी प्रतिमा के सामने नाथूराम गोडसे का पुतला फूंक कर प्रदर्शन किया।