लखनऊ में फिर बदला मौसम, बारिश की बूंदों ने दी राहत Lucknow News
लखनऊ में रविवार शाम को हुई बारिश। वहीं आजमगढ़ में भारी बारिश से गिरे मकान पांच की मौत।
लखनऊ, जेएनएन। यूपी में बारिश का दौर कुछ थम गया है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में बादलों की आवाजाही लगी रहेगी। लखनऊ में रविवार शाम हुई हल्की बारिश की वजह से मौसम सुहावना हो गया। वहीं प्रदेश में लगातार हो रही बारिश फिलहाल कुछ दिन के लिए थम गई है। आजमगढ़ में भारी बारिश से पांच लोगों की मौत हो गई।
रविवार सुबह से ही राजधानी में बादलों की आवाजाही लगी रही। दोपहर में भी लोगों का उमस से हाल बेहाल था। वहीं शाम चार बजे करीब तेज बारिश ने लोगों को राहत दी। वहीं शनिवार को लखनऊ में बादलों की आवाजाही लगी रही, लेकिन मुख्यत: मौसम साफ रहा। अधिकतम तापमान सामान्य के मुकाबले चार डिग्री अधिक 39.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वायुमंडल में आद्र्रता अस्सी फीसद रही।
कानपुर में सुबह से निकली धूप के चलते बढ़ी उमस और गर्मी ने लोगों को खूब तड़पाया। बीच-बीच में आई बदली भी राहत नहीं दे पाई। कानपुर नगर में सीएसए के मौसम विभाग में शनिवार को अधिकतम तापमान 35.4 व न्यूनतम 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सीएसए के मौसम वैज्ञानिक डॉ.नौशाद खान ने बताया कि आगामी दिनों में तापमान बढऩे से गर्मी भी बढ़ जाएगी।
प्रयागराज मंडल के प्रयागराज, प्रतापगढ़ और कौशांबी जिलों में शनिवार को दिन भर आसमान में बादल छाए रहे, लेकिन बरसात नहीं हुई। आजमगढ़ में शुक्रवार की रात आंधी व बारिश ने जमकर तबाही मचाई। इसके चलते मकान, मड़ई व दीवार ढहने से जहां तीन बालक समेत पांच लोगों की मौत हो गई। वहीं इस हादसे में आधा दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।