गोंडा में बृजभूषण शरण सिंह के करीबी लोग समाजवादी पार्टी में शामिल, मुखिया अखिलेश यादव ने दी सदस्यता
BJP Leaders Joins Samajwadi Party: अखिलेश यादव की प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा सहित बसपा और कांग्रेस के कई नेताओं ने समाजवादी पार्टी का दामन थामा।

भाजपा सहित बसपा और कांग्रेस के कई नेताओं ने समाजवादी पार्टी का दामन थामा
HighLights
मुरादाबाद में भाजपा के पूर्व विधायक राजीव चन्ना भी सपा में शामिल
गोंडा में ब्लॉक प्रमुख कटरा अपने पांच भाइयों के साथ सपा के हुए
डिजिटल डेस्क, लखनऊ : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर बेहद गंभीर समाजवादी पार्टी अपना कुनबा बढ़ाने में लगी है। गुरुवार को समाजवादी पार्टी ने भाजपा को बड़ा झटका दिया है। अखिलेश यादव की प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा सहित बसपा और कांग्रेस के कई नेताओं ने समाजवादी पार्टी का दामन थामा।
गोंडा में पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के करीबी लोग समाजवादी पार्टी ज्वाइन कर रहे हैं। ब्लॉक प्रमुख कटरा भवानी भीख शुक्ला और उनके साथी आज समाजवादी पार्टी में शामिल हुए। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उन्हें सदस्यता दी। इनके साथ ही शिवभगवान शुक्ला समेत श्रीकृष्ण भगवान शुक्ला के पांच भाई भी सपा में शामिल हुए हैं। अखिलेश यादव की मौजूदगी में इन नेताओं के सपा में शामिल होने से यूपी की सियासत में हलचल मची है।
गोंडा के भवानी भीख शुक्ला अपने पांच बेटों के साथ समाजवादी पार्टी में शामिल हुए। उनके बेटों के नाम श्री भगवान शुक्ला, कृष्ण भगवान शुक्ला, शिव भगवान शुक्ला, विष्णु भगवान शुक्ला और शंकर भगवान शुक्ला हैं। भवानी शुक्ला कटरा ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि व जिला पंचायत सदस्य हैं। उनको भाजपा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह का बेहद करीबी माना जाता है। कटरा विधायक बावन सिंह से विवाद के बाद वह चर्चा में आए थे।
पहली बार इतने भगवान एक साथ पार्टी कार्यालय आए
इस पर अखिलेश यादव ने कहा कि पहली बार इतने भगवान एक साथ पार्टी कार्यालय में आए हैं। हमारे समाज में इन नामों को कोई नहीं भूल सकता। खासकर सनातनी इन नामों को कभी नहीं भूल सकते। अखिलेश ने सपा में शामिल होने पर भवानी शुक्ला का धन्यवाद किया। इस दौरान विनय पुरारी, मेरठ के बसपा नेता मनमोहन सिंह सैनी और गोंडा के कुछ नेताओं के भी पार्टी में शामिल होने का जिक्र किया गया।
इनके अलावा मुरादाबाद में भाजपा से विधायक रहे राजीव चन्ना समाजवादी पार्टी में शामिल हो गये। इनके साथ मनमोहन सैनी और योगेंद्र नाथ मिश्रा ने भी भाजपा को छोड़कर समाजवादी पार्टी की सदस्यता ली। बसपा के पूर्व प्रत्याशी आशीष कुमार ने भी समाजवादी पार्टी का दामन थामा है। भाजपा और बसपा के कई नेताओं के सपा में शामिल होने से इनका कुनबा बढ़ रहा है।
