UP बोर्ड के हाईस्कूल और इंटर के छात्रों के लिए दूरदर्शन पर आज सुबह 11 बजे से शुरू होंगी कक्षाएं
उत्तर प्रदेश के माध्यमिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में पढ़ रहे विद्यार्थियों के लिए शुक्रवार से दूरदर्शन पर स्वयंप्रभा चैनल पर शैक्षिक प्रसारण शुरू होगा।
लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश के माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) के स्कूलों में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में पढ़ रहे विद्यार्थियों के लिए शुक्रवार से दूरदर्शन पर स्वयंप्रभा चैनल पर शैक्षिक प्रसारण शुरू होगा। विद्यार्थी इसकी मदद से आसानी से अपनी पढ़ाई कर सकेंगे।
डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा ने बताया कि शैक्षिक प्रसारण हर दिन सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक और फिर इसी का पुन : प्रसारण शाम 4:30 बजे से शाम 6:30 बजे तक होगा। ऐसे विद्यार्थी जिनके पास स्मार्टफोन नहीं है और वह ऑनलाइन कक्षाएं नहीं कर पा रहे हैं, इस शैक्षिक प्रसारण की मदद से आसानी से अपनी पढ़ाई कर सकेंगे।
डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा ने बताया कि विभिन्न विषयों के शिक्षकों द्वारा सरल भाषा में वीडियो तैयार किए गए हैं। कक्षाएं आधा-आधा घंटे की होंगी। पुन: प्रसारण की व्यवस्था इसलिए की गई है ताकि अगर किसी विद्यार्थी का कोई क्लास दिन में छूटे तो वह शाम को उसे आसानी से पढ़ सकता है। अगर किसी विद्यार्थी को किसी भी तरह की दिक्कत न हो इसलिए हेल्पलाइन नंबर-18001805310 या फिर ईमेल आईडी upmsp.helponline@gmail.com के माध्यम से मदद ले सकते हैं।
30-30 मिनट की दो क्लास
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि दूरदर्शन के स्वयंप्रभा चैनल पर सुबह 10 से 12 बजे तक कक्षाओं का प्रसारण होगा। सुबह 30-30 मिनट की दो क्लास हाईस्कूल (10वीं) और 30-30 मिनट की दो क्लास इंटर (12वीं) की चलेंगी। शाम को यही क्लास रिपीट होंगी। डीआईओएस ने बताया कि लॉकडाउन के कारण स्कूल की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए शासन के निर्देशों पर यह पहल की गई है। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) के स्टूडियो में इनकी रिकॉर्डिंग की जा रही है।
लॉकडाउन हटा तो पांच से जांची जाएंगी यूपी बोर्ड की कॉपियां
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की कॉपियों के मूल्यांकन को लेकर माध्यमिक शिक्षा विभाग चिंतित है। दरअसल तीन करोड़ कॉपियां जिलों में बने विभिन्न केंद्रों पर रखी हुई हैं। ऐसे में सुरक्षा कारणों से इसका मूल्यांकन जल्द से जल्द करवाने पर जोर दिया जा रहा है। लॉकडाउन में ढील मिलते ही इन्हें जांचा जाएगा। डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि अभी जो तैयारियां चल रही हैं, उसके अनुसार पांच मई से मूल्यांकन शुरू हो सकता है। पहले चार मई से ही मूल्यांकन शुरू करने की तैयारी थी।
मई के तीसरे हफ्ते में स्नातक की परीक्षाएं शुरू करने की तैयारी
डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि शारीरिक दूरी के नियमों का पालन कर कापियों का मूल्यांकन शुरू करवाया जाएगा। फिलहाल माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधिकारी तैयारी में जुटे हुए हैं। एक साथ कई विषयों की बजाए दो-दो विषयों की कापियां का मूल्यांकन शुरू किया जाएगा। उधर विश्वविद्यालयों व डिग्री कॉलेजों की परीक्षाएं तीन मई को लॉकडाउन हटने या फिर उसमें जरूरी उपायों के साथ छूट मिलने की स्थिति में मई के तीसरे हफ्ते से शुरू की जा सकती हैं।