Merry Christmas 2019: गुलजार हुआ हजरतगंज, मेट्रो स्टेशन पर दिखी क्रिसमस की भीड़ Lucknow News
लखनऊ में क्रिसमस पर 70 हजार से अधिक यात्रियों ने किया छुट्टी के दिन सफर हजरतगंज मेट्रो स्टेशन पर फैशन शो स्कैच डांस प्रतियोगिता हुई।
लखनऊ, जेएनएन। नार्थ साउथ कॉरिडोर के मेट्रो स्टेशनों पर भी क्रिसमस व नए वर्ष को लेकर लोगों में उत्साह दिखा। छुट्टी होने के बाद भी सत्तर हजार से अधिक यात्रियों ने मेट्रो में सफर किया। सबसे अधिक हजरतगंज मेट्रो स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ रही। यहां यात्रियों के लिए फैशन शो, डांस, स्कैच प्रतियोगिता के अलावा बैंड का आयोजन भी किया गया था। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड द्वारा 25 दिसंबर से एक जनवरी के बीच हजरतगंज मेट्रो स्टेशन पर अलग-अलग थीम पर कार्यक्रम आयोजित कर रहा है।
यूपीएमआरसी की जनसंपर्क अधिकारी पुष्पा बेलानी ने बताया कि रात आठ बजे तक साठ हजार से अधिक मेट्रो में सफर चुके थे और नौ बजे तक यह ग्राफ 65 हजार को छू गया और रात दस बजे तक 70 हजार से अधिक यात्रियों ने चौधरी चरण सिंह मेट्रो स्टेशन से मुंशी पुलिया तक सफर किया। खासबात रही कि हजरतगंज घूमने वालों ने मेट्रो को प्राथमिकता दी और मुंशी पुलिया, इंदिरा नगर, आलमबाग, कृष्णा नगर, हुसैनगंज से हजरतगंज तक आए। यहां वाहनों का प्रवेश शाम तीन बजे से प्रतिबंधित था, इसलिए मेट्रो हजरतगंज तक पहुंचने का आसान जरिया रही।
मची क्रिसमस की धूम
प्रधानमंत्री के कार्यकम के चलते हजरतगंज के चारों ओर न केवल कड़ी सुरक्षा रही, बल्कि कुछ क्षेत्र में आवागमन पर प्रतिबंध भी रहा। इसके बावजूद दोपहर तक सैकड़ों की संख्या में लोग कैथेड्रल चर्च तक पहुंच गए। लोग मस्ती के मूड में नजर आ रहे थे। भीड़ पिछले सालों के मुकाबले कम रही। शाम छह बजे तक भीड़ बढ़ी और हजरतगंज गुलजार रहा।
चिडिय़ाघर में भी पिछले सालों से कम रही रौनक
चिडिय़ाघर में भी पीएम के कार्यक्रम की वजह से क्रिसमस पर अपेक्षाकृत कम भीड़ रही। जू प्रशासन के अनुसार, करीब साढ़े सात हजार टिकटों की बिक्री हुई। जो कि उम्मीद से कम है। प्रधानमंत्री के आगमन के दौरान प्रतिबंध की वजह से क्रिसमस पर वह रौनक नहीं नजर आई, जो हमेशा रहती थी।