सुपरवाइजर बने राम तो स्टूडेंट निभा रहा लक्ष्मण का किरदार, चिनहट रामलीला में अहिल्या उद्धार का मंचन देख हर्षित हुए लोग
चिनहट में चल रही रामलीला में श्रीराम और सीता के प्रथम मिलन (फुलवारी लीला) ने दर्शकों का मन मोह लिया। ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
चिनहट रामलीला में श्रीराम-सीता के प्रथम मिलन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।
अहिल्या उद्धार, जनक बाजार, नगर दर्शन जैसे प्रसंगों का मंचन हुआ।
सुपरवाइजर रामविलास ने श्रीराम, छात्र सिद्धार्थ ने लक्ष्मण की भूमिका निभाई।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। ‘श्रीराम को देखकर मां जनक नंदिनी, बाग में जा खड़ी की खड़ी रह गईं’। भगवान श्रीराम और माता सीता के प्रथम मिलन के इस मनोहारी प्रसंग ने चिनहट में चल रही रामलीला में दर्शकों का मन मोह लिया। फुलवारी लीला के मंचन में जब भगवान श्रीराम और माता जानकी आमने-सामने आए तो वातावरण भक्तिमय हो उठा। रामलीला में भगवान राम का अभिनय प्राइवेट कंपनी के सुपरवाइजर राम बिलास और लक्ष्मण का सरकारी विद्यालय के छात्र सिद्धार्थ निभा रहे थे।
चिनहट स्थित श्री जीवन सुधार रामायणी सभा की ओर से आयोजित 90वें रामलीला मंचन के तीसरे दिन अहिल्या उद्धार, गंगा लीला, जनक बाजार, नगर दर्शन और फुलवारी लीला का मंचन किया गया।शुरुआत अहिल्या उद्धार के प्रसंग से हुई। महर्षि विश्वामित्र के साथ मिथिला जाते समय भगवान श्रीराम का अहिल्या से सामना होता है।
प्रभु राम के चरण स्पर्श से शापग्रस्त अहिल्या का उद्धार होता है। मिथिला पहुंचने के बाद श्रीराम और लक्ष्मण के जनक बाजार भ्रमण तथा नगर दर्शन के प्रसंगों का मंचन भी आकर्षण का केंद्र रहा। इसके बाद फुलवारी लीला में माता सीता और श्रीराम के प्रथम दर्शन का प्रसंग प्रस्तुत किया गया।
कलाकारों ने निभाए प्रमुख किरदार
रामलीला में अहिल्या की भूमिका पवन झंकार ने निभाई, जबकि मालिन के किरदार में गुड़िया नजर आईं। भगवान श्रीराम की भूमिका रामविलास और लक्ष्मण की भूमिका सिद्धार्थ ने निभाई। महर्षि विश्वामित्र के रूप में रामप्रकाश तथा पंडा के किरदार में गुड्डू पांडे ने अभिनय किया।
यह भी पढ़ें- 164.28 टन का वॉयलर लादकर सिद्धार्थनगर पहुंचा 250 पहियों वाला महाट्रक, बेल्जियम से लेकर आया 41 मीटर लंबा संयंत्र
रामलीला की कड़ी में 20 को दशहरा मेला और 21 अक्टूबर को विजय यात्रा एवं राज्याभिषेक समारोह आयोजित होगा। सभा के अध्यक्ष देवेंद्र कुमार पांडेय और महामंत्री विवेकानंद श्रीवास्तव ने बताया कि यह धार्मिक आयोजन क्षेत्र की सांस्कृतिक और रामलीला परंपरा को आगे बढ़ा रहा है।
