चीन भी होगा पाक पोषित आतंकी गतिविधियों का शिकार: वीके सिंह
केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री जनरल वीके सिंह ने कहा कि चीन और पाकिस्तान की दोस्ती इन दिनों भले ही कितनी गाढ़ी क्यों न हो, लेकिन वह दिन दूर नहीं जब चीन भी पाक पोषित आतंकवाद की चपेट में आएगा। तब उसे इस दोस्ती की भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।
लखनऊ। केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री जनरल वीके सिंह ने कहा कि चीन और पाकिस्तान की दोस्ती इन दिनों भले ही कितनी गाढ़ी क्यों न हो, लेकिन वह दिन दूर नहीं जब चीन भी पाक पोषित आतंकवाद की चपेट में आएगा। तब उसे इस दोस्ती की भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। गोरखपुर में आज महायोगी गुरु गंभीरनाथ के नाम पर एक सड़क का नामकरण करने के बाद वह पत्रकारों से बात कर रहे थे। कांग्रेस द्वारा जम्मू-कश्मीर में भाजपा-पीडीपी गठबंधन को बेमेल और अवसरवादी बताए जाने पर सिंह ने कहा कि अगर भाजपा का पीडीपी से गठबंधन सही नहीं है तो क्या जब कांग्रेस ने इस पार्टी से गठबंधन किया था, वह सही था? उन्होंने कटाक्ष किया कि इस सवाल का सही जवाब गुलाम नबी आजाद ही दे सकते हैं। कहा कि जम्मू-कश्मीर में सरकार बनाने के लिए दोनों पार्टियों के शीर्ष नेताओं ने बेहद सोच समझ कर कदम उठाया है। लोकतंत्र के लिए ऐसा करना जरूरी था।
नाथ पंथ के गुरु गंभीरदासजी महराज की पुण्यतिथि शताब्दी समारोह में भाग लेने आए जनरल वीके सिंह ने राष्ट्रविरोधी लोगों पर भी निशाना साधा। लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में सहिष्णुता-असहिष्णुता सहित तमाम विषयों पर बहस हुई है। असहिष्णुता एक गलत प्रचार है, जिसके पीछे केवल गुमराह करने की नीति है। राष्ट्रवादी सोच के लोगों को इस नीति पर चलने वालों को मुंहतोड़ जवाब देना चाहिए। हमारे देश की संस्कृति-सभ्यता प्राचीनतम है, यहां सभी धर्मों को हमेशा से ही समान स्थान दिया गया है। उन्होंने जाति, धर्म और लिंग के आधार पर समाज में जारी भेद भाव को दुर्भाग्यपूर्ण बकाया और इसे कुत्सित राजनीति का प्रयास कहा। कहा कि 1857 की क्रांति से सकते में आए अंग्रेजों ने देश को बांटने के लिए इस नीति पर अमल शुरू किया था। दुर्भाग्य से 1947 में आजादी मिलने के बाद समाज को बांटने की यह नीति और प्रभावी हो गई। लोगों को इससे बाहर आना चाहिए। इस मौके पर सांसद योगी आदित्यनाथ भी मौजूद थे।