घर के बाहर खेल रहे बालक को बेरहमी से पीटा, छह दिन बाद हुई मौत Bahraich news
किशोर के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी।
बहराइच, जेएनएन। हरदी थाना क्षेत्र के महराजगंज में बालक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक के बाबा की नामजद तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही किशोर के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही हैं।
महराजगंज गांव निवासी इरफान (9) पुत्र मसऊद छह दिन पहले दरवाजे पर खेल रहा था। इस दौरान पड़ोस में रहने वाले लारेब (13) पुत्र जमाल से किसी बात को लेकर उसका विवाद हो गया। आरोप है कि किशोर ने बालक की पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पिटाई के चलते सोमवार को अचानक बालक की हालत बिगड़ गई। आनन-फानन में परिवारजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे।
चिकित्सकों ने बालक की हालत गंभीर देखकर उसे लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। प्रभारी एसओ अशोक सिंह ने बताया कि मृतक के बाबा मुहम्मद इसराइल की तहरीर पर महराजगंज निवासी लारेब पुत्र जमाल के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा। घटना की जांच-पड़ताल की जा रही है।