यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 25, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मुख्यमंत्री की सख्त हिदायत शोहदों को छोड़ें नहीं, जोड़ों को छेड़ें नहीं
स्कूल, कॉलेज, बाजार, मॉल, पार्क, बस, रेलवे स्टेशन पर आपत्तिजनक हरकत करने की निगरानी के लिए सादे वस्त्रों में महिला ...और पढ़ें

लखनऊ (जेएनएन)। ऑपरेशन एंटी रोमियो के नाम पर तलाशी, आइकार्ड मांगने और मुर्गा बनाने की शिकायतों पर मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी ने सख्त नाराजगी जाहिर की है। डीजीपी जावीद अहमद को तलब कर कहा कि-सीओ की निगरानी में एंटी रोमियो अभियान चलाएं। शोहदों को छोड़ा नहीं जाए मगर युवा जोड़ों को अनावश्यक छेड़ा नहीं जाए।
मुख्यमंत्री की हिदायत के बाद डीजीपी ने पुलिस अधिकारियों को भेजे निर्देश में कहा है कि एंटी रोमियो अभियान सीओ की देखरेख में चलाया जाए। स्कूल, कॉलेज, बाजार, मॉल, पार्क, बस, रेलवे स्टेशन पर आपत्तिजनक हरकत करने की निगरानी के लिए सादे वस्त्रों में महिला पुलिस कर्मियों को तैनात किया जाए और उनकी सूचना पर कार्रवाई की जाए। सार्वजनिक स्थान पर बैठे जोड़ों से अनायास आइकार्ड नहीं मांगा जाए। पूछताछ, तलाशी, उठक-बैठक अथवा मुर्गा भी नहीं बनवाया जाये। ऐसे करने वाले पुलिस अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई होगी। अभियान के दौरान प्राइवेट व्यक्तियों को किसी भी कीमत पर शामिल नहीं किया जाएगा। डीजीपी ने पुलिस अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया है कि आपत्तिजनक गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों के प्रति सुधारात्मक कार्यवाही की जाय।
गोवंश की तस्करी रोकें, निर्दोषों का उत्पीडऩ न हो
डीजीपी ने पुलिस अधिकारियों को भेजी हिदायत में कहा है कि दुधारू पशुओं, गोवंश की तस्करी करने वालों व अवैध पशु वधशाला चलाने वालों के विरुद्ध तत्परता से कार्रवाई की जाए, मगर समाज के कतिपय स्वयंभू लोगों को इस कार्यवाही में शामिल न किया जाए। किसी भी दशा में किसी निर्दोष व्यक्ति का उत्पीडऩ न हो।
